एक गलत फैसले ने बदल दिया IPL का इतिहास, दिल्ली ने ठुकराया, RCB ने अपनाया, फिर शुरू हुआ कोहली का विराट सफर
IPL 2026, Virat Kohli News: आईपीएल की शुरुआत में ही साल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स के पास विराट कोहली को चुनने का सुनहरा मौका था। लेकिन टीम बैलेंस के नाम पर मैनेजमेंट ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। महज 12 लाख रुपये बचाने और एक गेंदबाज की तलाश में लिया गया वह फैसला आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा ब्लंडर साबित हुआ, जिसने एक फ्रेंचाइजी को पछतावा और दूसरी को उसका सबसे बड़ा लीजेंड दिया।
दिल्ली ने कोहली को छोड़ की थी बड़ी गलती (IPL 2026, Virat Kohli News)
आईपीएल के इतिहास में अगर सबसे बड़ी चूक की बात की जाए तो वह दिल्ली द्वारा विराट कोहली को छोड़ना माना जाएगा। आज जब कोहली दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहचान बन चुके हैं, तब दिल्ली के फैंस को वो एक फैसला आज भी कचोटता है। महज 30 हजार डॉलर (तब के करीब 12-13 लाख रुपए) के बदले दिल्ली ने वह मौका गंवा दिया, जिसने आईपीएल की पूरी पटकथा बदल दी।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में छाए थे कोहली
फरवरी 2008 में मलेशिया में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत चैंपियन बना था। दिल्ली के जोश से भरे युवा बल्लेबाज विराट कोहली उस टीम के कप्तान थे। आईपीएल का पहला सीजन शुरू होने वाला था और हर किसी को यकीन था कि दिल्ली की टीम अपने इस लोकल हीरो को सबसे पहले चुनेगी।
दिल्ली ने कोहली को किया नजरअंदाज
मेगा ऑक्शन से पहले अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए एक विशेष ड्राफ्ट रखा गया था। इसमें रैंडम ड्रा के जरिए दिल्ली डेयरडेविल्स का नाम सबसे पहले निकला। यानी पूरी दुनिया के अंडर-19 खिलाड़ियों में से दिल्ली जिसे चाहती, उसे चुन सकती थी। कमरे में मौजूद अन्य फ्रेंचाइजी को लगा कि दिल्ली बिना सोचे कोहली का नाम लेगी। दिल्ली के पास उस समय वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, एबी डिविलियर्स और शिखर धवन जैसे दिग्गजों की फौज थी।
दिल्ली को लगा कि उनकी बल्लेबाजी पहले से ही ओवरलोडेड है और उन्हें एक अच्छे गेंदबाज की जरूरत है। सहवाग को नेट्स पर परेशान करने वाले नजफगढ़ के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान को दिल्ली ने अपनी पहली पसंद के रूप में चुना और उन्हें 50,000 डॉलर (करीब 20 लाख) दिए। जैसे ही दिल्ली ने कोहली को छोड़ा, बेंगलुरु ने बिना पलक झपकाए उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। तत्कालीन आरसीबी सीईओ चारू शर्मा के मुताबिक उन्होंने तुरंत कहा कि विराट कोहली, थैंक यू! बेंगलुरु को कोहली महज 30,000 डॉलर (करीब 12 लाख) में मिल गए।
एक फैसले ने बदली आरसीबी की किस्मत
विराट पिछले 17+ सीजन से आरसीबी का हिस्सा हैं, 8000 से ज्यादा रन बना चुके हैं और टीम की आत्मा बन गए हैं। प्रदीप सांगवान का करियर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वे डोपिंग बैन और खराब फॉर्म के कारण धीरे-धीरे सीन से बाहर हो गए। दिल्ली की टीम आज भी अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश में है, जबकि कोहली को छोड़ने का उनका फैसला क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा पछतावा बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications