हॉन्ग कॉन्ग ने खास तोहफा देकर बना दिया विराट के दिन को खास, खुद KING KOHLI ने दी जानकारी
हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में उनका ये 31वां अर्धशतक रहा।
दुबई, 1 सितंबर: लगातार हो रही आलोचना के बीच आखिरकार बुधवार को किंग कोहली का बल्ला बोल ही गया। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में उनका ये 31वां अर्धशतक रहा। क्रिकेट के गलियारों में एक बार फिर से 'किंग इज बैक' के नारे लगना शुरू हो गए हैं। इसी बीच मुकाबले के बाद हॉन्ग कॉन्ग की टीम की ओर से विराट को एक खास तोहफा मिला।
Recommended Video

हॉन्ग कॉन्ग टीम ने जीता दिल
भारत से मिली हार के बाद भी हॉन्ग कॉन्ग की टीम सुर्खियों में बनी हुई है। दरअसल, मैच खत्म होने के बाद हॉन्ग कॉन्ग क्रिकेट टीम ने विराट कोहली को एक स्पेशल गिफ्ट दिया। टीम ने पूर्व भारतीय कप्तान को एक जर्सी गिफ्ट की, जिस पर एक प्यारा सा मैसेज भी लिखा था। हॉन्ग कॉन्ग के विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट मैकचीन की जर्सी पर टीम के खिलाड़ियों ने लिखा, ''विराट, एक जेनरेशन को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद। हम आपके साथ हैं। आपकी जिंदगी में खास दिन आते रहें। आपको बहुत सारा प्यार।''

कोहली ने दी जानकारी
किंग कोहली ने हॉन्ग कॉन्ग टीम की ओर से मिले इस तोहफे की जानकारी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस तक पहुंचाई। उन्होंने विपक्षी टीम को धन्यवाद कहते हुए लिखा, ''हॉन्ग कॉन्ग क्रिकेट टीम धन्यवाद। यह इशारा जेस्चर में विनम्र और बहुत प्यारा है।''
वाकई में हॉन्ग कॉन्ग की टीम ने विराट को जर्सी गिफ्ट कर दुनिया भर के फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर इस टीम की जमकर तारीफ की जा रही है।
A special gift for #ViratKohli by Hong Kong Team. pic.twitter.com/PXagm8mz2t
— Cricket Fiesta (@CricketFiesta1) September 1, 2022

विराट ने बनाए 59 रन
विराट कोहली ने फॉर्म में वापसी के संकेत देते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने एक चौके और 3 छक्के जड़े। हालांकि कोहली का स्ट्राइक रेट उम्मीद के मुताबिक नहीं था, लेकिन फिर भी यह पारी कई मायनों में खास रही। आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले विराट का रन बनाना टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर है। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने मैदान पर समय बिताते हुए 34 गेंदों पर 35 रन का योगदान दिया था।

40 रन से जीता भारत
मैच में भारत को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। टीम ने 20 ओवर में 192-2 का स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। कोहली नाबाद (59) के अलावा सूर्यकुमार यादव ने आतिशी पारी खेलते हुए सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए। केएल राहुल (36) और कप्तान रोहित शर्मा (21) रन बनाकर आउट हुए।
हॉन्ग कॉन्ग की टीम जवाब में 152-5 का स्कोर ही बना सकी और 40 रन से मैच हार गई। इस जीत के साथ ही रोहित एंड कंपनी ने सुपर-4 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications