IPL 2027: हार्दिक पांड्या की CSK में एंट्री? जर्सी नंबर 33 ने बढ़ाया सस्पेंस, क्या गुपचुप चल रही डील?
आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स के एक वीडियो में ऐसा संकेत नजर आया, जिसे प्रशंसक मुंबई इंडियंस के कप्तान से जोड़कर देख रहे हैं। इस बीच पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की प्रतिक्रिया ने भी अटकलों को हवा दे दी है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए अपने कोचिंग स्टाफ की जानकारी देने के दौरान एक वीडियो साझा किया। इसमें टीम के शुभंकर लियो नए मुख्य कोच जहीर खान से ट्रेड से जुड़ा सवाल पूछते नजर आते हैं। इसी दौरान एक कागज पर घेरा लगाकर लिखा गया 33 नंबर चर्चा का विषय बन गया।

हार्दिक पांड्या भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस के लिए 33 नंबर की जर्सी पहनते हैं। यही वजह है कि प्रशंसकों ने वीडियो को उनके संभावित ट्रेड से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि वीडियो में ऐसा कोई स्पष्ट ऐलान नहीं किया गया है कि हार्दिक चेन्नई की टीम में शामिल होने वाले हैं।
अश्विन ने क्या प्रतिक्रिया दी?
इस वीडियो पर रविचंद्रन अश्विन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि प्रॉपर कुकिंग. उनकी इस टिप्पणी को प्रशंसकों ने हार्दिक के ट्रेड की अटकलों से जोड़कर देखा। अश्विन खुद भी शायद हैरान हो गए।
खास बात यह है कि अश्विन ने कुछ दिन पहले ही अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था कि हार्दिक का सीएसके में जाना फिलहाल मुश्किल लग रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उनकी जानकारी के अनुसार राजस्थान रॉयल्स इस ट्रेड की दौड़ में आगे हो सकती है।
मुंबई इंडियंस से अलग होंगे हार्दिक?
हार्दिक के भविष्य को लेकर चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 का सत्र निराशाजनक रहा था। टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। हार्दिक की कप्तानी में तीन सत्रों के दौरान यह दूसरी बार था, जब मुंबई प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।
हार्दिक पहले भी गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं और अपनी कप्तानी में टीम को 2022 में खिताब दिला चुके हैं। उनके अनुभव और ऑलराउंड क्षमता के कारण किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए वह उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
