... तो इसलिए आखिरी ओवर के लिए उमरान मलिक के पास गए थे हार्दिक पांड्या
भारत ने दूसरे टी20 मैच में मेजबान आयरलैंड को 4 रन से हराकर दो मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया।
डबलिन, 29 जून: भारत ने दूसरे टी20 मैच में मेजबान आयरलैंड को 4 रन से हराकर दो मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दूसरा मुकाबले में भारतीय टीम को आयरलैंड से कड़ी चुनौती मिली। मैच आखिरी ओवर तक गया। एक पल के लिए तो ऐसा लग भी रहा था कि, शायद टीम इंडिया मैच हार सकती है। लेकिन उमरान मलिक (Umran Malik) ने ऐसा होने नहीं दिया। उमरान ने आखिरी ओवर में भारत के लिए 17 रन डिफेंड कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। जीत के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने बताया कि आखिर उन्होंने उमरान को ही क्यों लास्ट ओवर दिया था।

हार्दिक ने खोला आखिरी ओवर का राज
पोस्ट मैच सेरेमनी में जब हार्दिक से अंतिम ओवर को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- ''मैं प्रेशर को दूर रखने की कोशिश कर रहा था। मैं सिर्फ वर्तमान में रहना चाहता था और मैंने उमरान को बैक किया। उमरान के पास जो रफ्तार है, उसे देखते हुए 17 रन बनाना बहुत ही मुश्किल काम था। लेकिन उन्होंने काफी अच्छे शॉट खेले और बेहतरीन बल्लेबाजी की। आयरलैंड की टीम को इस बात का क्रेडिट जरूर मिलना चाहिए। श्रेय हमारे गेंदबाजों को भी जाता है जिन्होंने मैच अपनी झोली में डाल लिया।''

रोमांचक मोड़ पर खड़ा था मुकाबला
फाइनल ओवर में मेजबान टीम को जीत के लिए 17 रन की दरकार थी और पहली 3 गेंदों पर उमरान ने 9 रन खर्च कर दिए थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की और अंतिम तीन गेंदों पर केवल 3 रन देकर टीम इंडिया को जीत का स्वाद चखाया। जम्मू एक्सप्रेस के नाम से मशहूर हो चुके, उमरान का ये दूसरा ही इंटरनेशनल मैच था। आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में युवा तेज गेंदबाज को एक ही ओवर करने का मौका मिला था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने सारी कसर पूरी कर दी। मलिक ने 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट अपनी झोली में डाला।

कप्तानी का अनुभव रहा शानदार
आयरलैंड सीरीज के लिए ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भारत का कप्तान बनाया गया था। इससे पहले उनको आईपीएल-15 में गुजरात टाइटन्स की अगुआई करते देखा गया था। आयरिश टीम के खिलाफ क्लीन स्वीप के बाद जब हार्दिक से उनके कप्तानी के अनुभव के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा- ''मेरे लिए कप्तानी करने का अनुभव बेहतरीन रहा। यहां पर बहुत सारे लोगों ने हमारा सपोर्ट किया। सभी का शुक्रिया। देश के लिए खेलना हमेशा आपका सपना होता है। टीम की कप्तानी करना और जीत हासिल करने से स्पेशल कुछ नहीं हो सकता.''












Click it and Unblock the Notifications