इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज में नहीं खेलेंगे रोहित-विराट! हार्दिक ही करेंगे टीम इंडिया की कप्तानी
जल्द ही हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी वाली भारतीय टीम, आयरलैंड दौरे के लिए रवाना होने वाली है। भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।

नई दिल्ली: जल्द ही हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी वाली भारतीय टीम, आयरलैंड दौरे के लिए रवाना होने वाली है। भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून और दूसरा 28 जून को होगा। वहीं, दूसरी तरफ रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटी हुई है। पिछले साल कोरोना के चलते भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला स्थगित कर दिया गया था, वहीं मैच अब 1 जुलाई से एजबेस्टन में होगा।

हार्दिक को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारी
टेस्ट मैच के बाद भारत-इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज और फिर इतने ही मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जानी है। फिलहाल टी20 सीरीज को लेकर एक बड़ी अपटेड सामने आ रही है। दरअसल, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए हार्दिक पांड्या को ही कप्तान बनाया जा सकता है। इतना ही नहीं सीरीज के लिए वही टीम चुनी जाएगी, जिसका चयन आयरलैंड सीरीज के लिए किया गया है।

सामने आया सूत्र का बयान
सूत्रों के मुताबिक, ''भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले एजबेस्टन टेस्ट 5 जुलाई को खत्म होगा और 7 जुलाई से दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत होने वाली है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए टेस्ट से टी20 फॉर्मेट में खुद का ढालना काफी मुश्किल होगा। इसलिए आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने वाली टीम को ही इंग्लैंड के खिलाफ भी उतारा जा सकता है।''

रोहित-विराट को मिलेगा आराम
अगर आयरलैंड वाली टीम को ही इंग्लैंड टी20 सीरीज में भी खिलाया जाता है, तो फैंस को फुलटाइम कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को नीली जर्सी में देखने के लिए थोड़ा इंतजार और करना होगा। इन दोनों के अलावा ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के पास भी खुद को वनडे सीरीज के लिए तरोताजा करना का मौका रहेगा। भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज 12 जुलाई से शुरू होगी और आखिरी मुकाबला 17 जुलाई को खेला जाएगा।

हार्दिक की टीम को मिलेंगे दो अभ्यास मैच
बता दें कि, आयरलैंड टी20 सीरीज के बाद हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली भारतीय टीम 1 जुलाई को डर्बीशर और 3 जुलाई को नॉर्थम्प्टशर के खिलाफ अभ्यास मैच खेलती नजर आएगी। इसी दौरान भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन, बर्मिंघम में पांचवां टेस्ट मैच खेला जा रहा होगा। टीम इंडिया अगर ये टेस्ट जीतने में सफल रही या मुकाबला ड्रॉ भी हो गया, तो 2007 के बाद भारत पहली बार इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल करेगा। भारतीय टीम फिलहाल टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे हैं।

आयरलैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम
हार्दिक पांड्या (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार (उपकप्तान), ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वाड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज , उमेश यादव, प्रसिद्ध कृष्ण।












Click it and Unblock the Notifications