हार्दिक पांड्या ने क्यों किए 94 लाख रुपये डोनेट? कुछ ही मिनटों में इतनी बड़ी रकम जीतकर की दान
भारतीय क्रिकेट में अपने लंबे छक्कों के लिए पहचाने जाने वाले हार्दिक पंड्या ने इस बार बल्ला तो उठाया, लेकिन मैदान क्रिकेट का नहीं था। भारतीय ऑलराउंडर दुनिया के चर्चित यूट्यूबर मिस्टरबीस्ट के साथ बेसबॉल चुनौती में नजर आए। इस मुकाबले में भारतीय यूट्यूबर कैरीमिनाटी भी मौजूद थे। तीनों की इस खास मुलाकात ने खेल और डिजिटल मनोरंजन की दुनिया को एक साथ ला दिया।
मिस्टरबीस्ट के यूट्यूब चैनल पर 31 अक्टूबर को अपलोड किए गए वीडियो का नाम 'बीट लेब्रॉन, विन 100,000 डॉलर' है। इसमें कई बड़े खिलाड़ियों और चर्चित हस्तियों के साथ अलग-अलग चुनौतियां दिखाई गई हैं। हार्दिक का मुकाबला इसी वीडियो का एक हिस्सा था, जिसमें उनके सामने बेसबॉल से गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचाने की चुनौती रखी गई।

पहली बार बेसबॉल खेलते दिखे हार्दिक
मिस्टरबीस्ट ने हार्दिक को बेसबॉल खेलने की चुनौती दी। मुकाबले का नियम था कि जो खिलाड़ी तीन गेंदों को स्टेडियम से बाहर पहुंचाएगा, वह विजेता बनेगा। खास बात यह रही कि हार्दिक इससे पहले कभी बेसबॉल नहीं खेला था, खुद उन्होंने यह बात बताई।
क्रिकेट के मैदान पर बड़े शॉट लगाने का अनुभव रखने वाले हार्दिक ने नए खेल में भी अपने हाथ आजमाए। इस दौरान कैरीमिनाटी भारतीय ऑलराउंडर का उत्साह बढ़ाते नजर आए। चुनौती के दौरान हार्दिक के शॉट्स ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। मिस्टरबीस्ट के साथ उनकी इस भिड़ंत को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बातें हो रही हैं।
94 लाख रुपये की इनामी रकम का क्या करेंगे हार्दिक?
इस चुनौती की सबसे खास बात इनामी रकम रही। मुकाबले में 1 लाख डॉलर यानी करीब 94.9 लाख रुपये दांव पर थे। वीडियो में हार्दिक की भागीदारी के साथ जरूरतमंद बच्चों और बेसहारा कुत्तों की मदद का जिक्र भी सामने आया।
हार्दिक ने इनामी रकम को अपने पास रखने के बजाय जरूरतमंद बच्चों और आवारा कुत्तों की देखभाल के लिए दान करने का फैसला किया। इस कदम ने इस पूरे आयोजन को सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहने दिया। फैंस उनके इस कदम की अब जमकर तारीफ़ कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
