LIVE मैच के दौरान बिगड़ी खिलाड़ी की तबीयत, पहुंचे अस्पताल.. वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी टीम की मुश्किलें
लाहौर, 1 अक्टूबर: शुक्रवार को लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 7 मैचों की टी20 सीरीज का छठा मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान पाक खिलाड़ी हैदर अली की तबीयत अचानक से खराब हो गई। उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि तुरंत उनको अस्पताल ले जाया गया। हैदर से पहले युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी तेज बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में पता चला की उनको निमोनिया हुआ था।

हैदर पहुंचे अस्पताल
इंग्लैंड के खिलाफ छठे टी20 मैच में हैदर अली ने नंबर 4 पर बैटिंग करते हुए 14 गेंदों पर 18 रन बनाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच के शुरू होने से पहले हैदर की तबीयत पहले से थोड़ी खराब थी, लेकिन मैच के दौरान उनकी हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई। उन्हें ड्रेसिंग रूम में चक्कर आए, जिसके बाद तुरंत उनको अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अभी तक उनकी तबीयत पर और कोई अपडेट सामने नहीं आई है।

नसीम को हुआ कोरोना
इसी बीच नसीम शाह अस्पताल से मिले छुट्टी के बाद कोरोना की चपेट में आ गए। गुरुवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी कर नसीम की सेहत पर बड़ा अपडेट दिया। बोर्ड के अनुसार, नसीम शाह को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह टीम होटल में वापस आ गए हैं। फिलहाल वह कोविड-10 से जुड़े प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। इंग्लैंड खिलाफ सीरीज का आखिरी टी20 मैच रविवार 2 अक्टूबर को खेला जाएगा, जहां हैदर अली और नसीम शाह के खेलने के चांस ना के बराबर ही नजर आ रहे हैं।

वर्ल्ड कप से पहले चिंता का विषय
इस बात में कोई शक नहीं है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले अपने दो स्टार खिलाड़ियों की खराब तबीयत ने पाकिस्तानी खेमे में खलबली मचा दी होगी। बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को खिताबी जीत के फेवरेट में आंका जा रहा है, ऐसे में खिलाड़ियों की खराब फिटनेस टीम के लिए चिंता का कारण बन गई है। शाहीन शाह अफरीदी पहले से चोटिल होने के चलते टीम से बाहर है। फखर जमां भी चोटिल होने के चलते वर्ल्ड कप की 15 सदस्यीय टीम में अपनी जगह नहीं बना सके।

मुकाबले के हाल
बात अगर छठे टी20 की करें तो पाकिस्तान ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 169-6 का स्कोर बनाया। कप्तान बाबर आजम नाबाद (87) टॉप स्कोरर रहे। इंग्लैंड की ओर से डेविड विली और सैम करन ने दो-दो विकेट लिए। इंग्लैंड ने 170 रन का टारगेट केवल 14.3 ओवर के खेल में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में फिलिप साल्ट ने आतिशी पारी खेलते हुए 41 गेंदों पर नाबाद 81 रन बनाए। 7 मैचों की सीरीज फिलहाल 3-3 की बराबरी पर है।












Click it and Unblock the Notifications