GT vs PBKS: रबाडा की गेंदबाजी के सामने ढेर हुई गुजरात टाइटंस, फिर फ्लॉप रहे शुबमन गिल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 48वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर करो या मरो के मैच में पंजाब किंग्स की टीम का सामना गुजरात टाइंटस से हुआ। जहां गुजरात टाइटंस इस मैच में जीत हासिल कर इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनने की ओर देख रही है, तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद को जिंदा रखने के लिये उतरी थी। पंजाब किंग्स के लिये कप्तान मयंक अग्रवाल को भले ही टॉस में हार का सामना करना पड़ा लेकिन हार्दिक पांड्या ने पहले बल्लेबाजी का फैसला कर उन्हें मनचाहा काम करने के लिये बुलाया।

पंजाब किंग्स की टीम इस मैच में पहले गेंदबाजी करना चाहती थी और जब उसे यह मौका मिला तो उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर लीग में अब तक टॉप पर चल रही गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी को ढेर कर दिया। पंजाब किंग्स के लिये कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी की और गुजरात टाइटंस की टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 143 रन पर रोक दिया।
और पढ़ें: 'अगर मेहनत नहीं करोगे तो विनोद कांबली बन जाओगे;, कपिल देव ने सचिन की जमकर तारीफ
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिये शुबमन गिल (9) और ऋद्धिमान साहा (21) ने पारी का आगाज किया लेकिन ऋषि धवन की शानदार फील्डिंग के चलते पहले विकेट के लिये महज 17 रन ही जोड़ सके। बल्लेबाजी में लगातार संघर्ष कर रहे शुबमन गिल आज रन आउट के चलते वापस पवेलियन लौटे, जिसके बाद कगिसो रबाडा ने साहा को आउट कर दूसरा झटका दिया।
पावरप्ले में गुजरात टाइटंस की टीम 2 विकेट खोकर सिर्फ 42 रन ही बना सकी थी, वहीं पर 7वें ओवर में ऋषि धवन ने कप्तान हार्दिक पांड्या (1) को जितेश शर्मा के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। गुजरात टाइटंस के लिये सिर्फ साई सुदर्शन एक ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने एक छोर को संभाले रखा और टीम के लिये अर्धशतकीय पारी खेल गये, जबकि दूसरे छोर पर बल्लेबाज तू चल मैं आया की तर्ज पर आउट होते चले गये।
और पढ़ें: IPL 2022 के नॉकआउट मैचों के लिये BCCI ने किया वेन्यू का ऐलान, महिला ट्रॉफी की भी तारीख जारी
साई सुदर्शन ने अपनी पारी में 50 गेंदों का सामना किया और 5 चौके और एक छक्के की मदद से 65 रनों का योगदान दिया। सुदर्शन के लिये यह उनके आईपीएल और टी20 करियर का पहला अर्धशतक है। पंजाब किंग्स के लिये कगिसो रबाडा ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर ऋषि धवन ने 4 ओवर के स्पेल में 26 रन देकर एक अहम विकेट चटकाया। लियाम लिविंगस्टोन ने 2.3 ओवर के स्पेल में 15 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया तो वहीं पर अर्शदीप सिंह ने भी 4 ओवर के स्पेल में 27 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। इसके चलते गुजरात टाइटंस की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी।












Click it and Unblock the Notifications