IPL 2022 के नॉकआउट मैचों के लिये BCCI ने किया वेन्यू का ऐलान, महिला ट्रॉफी की भी तारीख जारी
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल का 15वें सीजन इस समय भारत में खेला जा रहा है, जिसके लीग स्टेज के सभी मैच मुंबई और पुणे के मैदान पर खेले जा रहे हैं। बीसीसीआई ने आईपीएल के सभी लीग स्टेज का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया था लेकिन इस दौरान उसने नॉकआउट स्टेज के तहत खेले जाने वाले दो क्वालिफायर, एक एलिमिनेटर और फाइनल मैच के लिये वेन्यू का ऐलान नहीं किया था। हालांकि मंगलवार को बीसीसीआई सचिव जय शाह ने आईपीएल 2022 के सभी नॉकआउट मैचों के लिये वेन्यू का ऐलान कर दिया है।

न्यूज एजेंसी एनआई से बात करते हुए बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बताया कि आईपीएल 2022 के प्लेऑफ स्टेज के सभी मैच अहमदाबाद और कोलकाता में आयोजित किये जायेंगे, जबकि आईपीएल 2022 का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जायेगा।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 का पहला क्वालिफायर मैच 24 मई को जबकि एलिमिनेटर मैच 25 मई को एलिमिनेटर मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जायेगा, वहीं पर आईपीएल 2022 का दूसरा क्वालिफायर मैच 27 मई तो वहीं पर फाइनल मैच 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा।
इससे पहले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी इस बात की पुष्टि की थी और बताया था कि आईपीएल 2022 के सभी नॉकआउट मैचों में 100 प्रतिशत क्षमता के साथ दर्शक मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि आईपीएल 2022 के सभी लीग स्टेज मैचों का समापन 22 मई को हो जायेगा, तो वहीं पर प्लेऑफ स्टेज के साथ ही महिला आईपीएल की तर्ज पर खेली जानी वाली महिला चैलेंजर ट्रॉफी का भी शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
महिला टी20 चैलेंज के तहत खेले जाने वाले सभी मैचों का आयोजन लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में किया जायेगा जिसमें सुपरनोवाज, ट्रेलब्रेजर्स और वेलोसिटी की टीमें हिस्सा लेते हुए नजर आयेंगी। इस दौरान सभी मैचों का आयोजन 24 मई से 28 मई के बीच किया जायेगा। जिस दिन आईपीएल 2022 के प्लेऑफ स्टेज के मैचों का आयोजन नहीं होगा उस दिन महिला चैलेंजर ट्रॉफी के मैचों का आयोजन किया जायेगा जबकि फाइनल मैच 28 मई को खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications