'विराट कोहली से चिढ़ता था, अब है भाई जैसी बॉन्डिंग,' एबी डिविलियर्स ने बताया कैसे बदले जज्बात
क्रिकेट की दुनिया में कुछ रिश्ते स्कोरबोर्ड से कहीं आगे निकल जाते हैं। विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की दोस्ती भी ऐसी ही एक मिसाल है। हाल ही में डिविलियर्स ने एक वीडियो में कबूल किया कि वो शुरुआत में विराट को पसंद नहीं करते थे, लेकिन RCB में साथ खेलने के बाद वो एक-दूसरे के सबसे करीबी दोस्त बन गए।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने बताया कि उन्हें विराट कोहली से शुरुआत में चिढ़ थी। वजह थी विराट का बेहद अटैकिंग रवैया और जीत के लिए जुनून।

डिविलियर्स ने आईसीसी द्वारा शेयर किए गये एक वीडियो में कहा कि, 'जब तक विराट को ठीक से नहीं जाना था, तब तक वो मुझे पसंद नहीं थे। वो बहुत कॉम्पिटिटिव (competitive) और शानदार खिलाड़ी थे, जिनसे खेलना हमेशा मुश्किल होता था।'
एबी ने विराट को मैदान पर ऐसा खिलाड़ी बताया जिससे भिड़ना आसान नहीं होता था। उन्होंने कहा कि, 'हम दोनों ही जीत के भूखे थे और जब ऐसे दो खिलाड़ी आमने-सामने होते हैं तो टकराव जरूरी हो जाता है। विराट हमेशा एग्रेसिव खेलते थे और वही मुझे शुरू में अखरता था।'
RCB में शुरू हुई असली दोस्ती
2011 में जब डिविलियर्स दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) छोड़कर RCB में आए, तो कोहली से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि, 'RCB में विराट को जानने के बाद मैं उनसे काफी जुड़ गया। हम फैमिली फ्रेंड बने, भाई जैसे करीब हुए और मैदान पर बेहतरीन पार्टनर बन गए। शायद मैंने उनके साथ बिताया हर पल एंजॉय किया।'
रिकॉर्ड साझेदारी: सिर्फ दोस्ती नहीं, इतिहास भी लिखा
IPL में दोनों की जोड़ी मैदान पर भी उतनी ही खतरनाक थी जितनी मैदान के बाहर गहरी। कोहली और डिविलियर्स की जोड़ी ने IPL में 76 पारियों में 3,123 रन बनाए- जो किसी भी जोड़ी का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इनमें 10 शतकीय साझेदारियां भी शामिल हैं।
कोहली का टेस्ट संन्यास और एक युग का अंत
12 मई को विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। 2011 से लेकर 2025 तक लगभग 14 सालों का उनका टेस्ट करियर कई यादें छोड़ गया। और ऐसे मौके पर डिविलियर्स की यह भावुक कमेंट सिर्फ दोस्ती नहीं, बल्कि क्रिकेट की विरासत का भी हिस्सा बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications