क्रिकेट जगत में शोक की लहर, अचानक हुआ पूर्व दिग्गज क्रिकेटर का निधन, कभी मैच के लिए टाल दी थी अपनी शादी!
Former Cricketer Death News: क्रिकेट जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आ रही है। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और ससेक्स के दिग्गज खिलाड़ी टोनी पिगॉट (Tony Pigott) का 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। पिगॉट अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे। क्रिकेट के प्रति उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू के लिए अपनी शादी तक टाल दी थी।
मैच के लिए आगे बढ़ा दी थी शादी की डेट (Former Cricketer Death News)
टोनी पिगॉट के करियर का सबसे यादगार और चर्चित वाकया साल 1984 का है। उस समय इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर थी। टीम के मुख्य गेंदबाज घायल हो गए थे और अचानक पिगॉट को बुलावा भेजा गया। जिस समय उन्हें इंग्लैंड की टेस्ट कैप (Test Cap) पहनने का मौका मिला, ठीक उसी दौरान उनकी शादी तय थी। पिगॉट ने बिना किसी हिचकिचाहट के देश के लिए खेलने को प्राथमिकता दी और अपनी शादी की तारीख आगे बढ़ा दी।

ऐसा रहा था मैच में प्रदर्शन
क्राइस्टचर्च में खेले गए उस एकमात्र टेस्ट मैच में उन्होंने न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज ब्रूस एडगर और जेरेमी कोनी के अहम विकेट झटके थे। हालांकि, वह मैच रिचर्ड हैडली के शानदार प्रदर्शन के कारण इंग्लैंड के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन पिगॉट का वह बलिदान क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो गया। भले ही पिगॉट को इंग्लैंड के लिए केवल एक टेस्ट खेलने का मौका मिला, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनकी साख एक मैच विजेता की थी। उन्होंने ससेक्स और सरे के लिए 17 वर्षों तक क्रिकेट खेला।
संन्यास लेने के बाद भी क्रिकेट से रहा जुड़ाव
मैदान से संन्यास लेने के बाद भी पिगॉट क्रिकेट से दूर नहीं हुए। उन्होंने 1997 से 1999 तक ससेक्स क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद साल 2005 में वे इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से पिच लायजन ऑफिसर के रूप में जुड़े। 2015 में जब ECB ने क्रिकेट लायजन ऑफिसर का पद शुरू किया, तब पिगॉट को उनके अनुभव के आधार पर इस शुरुआती पैनल में शामिल किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications