विजय हजारे ट्रॉफी में 4 शतक लगाकर कोहली के बराबर पहुंचे एन जगदीसन, CSK ने हाल ही में किया है रिलीज
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके तमिलनाडु के दाएं हाथ के बल्लेबाज नारायण जगदीसन का बल्ला इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी में ना सिर्फ बोल रहा है बल्कि कहर ढहा रहा है। शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के एलाइट ग्रुप सी के मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ एन जगदीसन ने एक और शतक जड़ दिया, जिसके बाद इस टूर्नामेंट में उनके बल्ले से निकला यह चौथा शतक था। इसी के साथ एन जगदीसन ने विराट कोहली के एक शानदार रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और अगर अगले मैच में भी उन्होंने ऐसी ही पारी खेली तो वो कोहली का रिकॉर्ड तोड़ भी देंगे।

क्या है वो रिकॉर्ड?
एन जगदीसन ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में 4 शतक लगाकर विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। विजय हजारे ट्रॉफी के एक टूर्नामेंट में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में विराट कोहली, पृथ्वी शॉ, ऋतुराज गायकवाड़ और देवदत्त पाडिकल का नाम सबसे आगे है। इन सभी बल्लेबाजों ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में 4-4 शतक लगाए हैं। एन जगदीसन ने भी 4 शतक लगा लिए हैं और अगर वो एक और शतक लगा लेते हैं तो वो इन सभी बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
जगदीसन की 4 शतकीय पारियां
एन जगदीसन ने आज हरियाणा के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 123 गेंदों में 128 रनों की पारी खेली। तमिलनाडु ने यह मैच 151 रनों से जीत लिया। उन्होंने इससे पहले तीन मैचों में गोवा के खिलाफ 168 रन, छत्तीसगढ़ के खिलाफ 107 रन जबकि आंध्र प्रदेश के खिलाफ नाबाद 114 रन की पारी खेली थी। एन जगदीसन अभी तक 5 मैचों में 130.50 की औसत से 522 रन बना चुके हैं। वहीं विराट कोहली ने 2008-09 सीज़न में 102, 119*, 124 और 114 रन की चार शतकीय पारियां खेली थी।
आपको बता दें कि एन जगदीसन का नाम उन 8 खिलाड़ियों की सूची में था, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने आगामी सीजन के रिलीज कर दिया था। एन जगदीसन ने 41 लिस्ट ए मैचों में 44.55 की औसत से सात शतक और छह अर्धशतक के साथ 1782 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications