Flashback 2022: सूर्या की चमक के आगे धुरंधर रहे हैं फीके, इस साल बने हैं नम्बर वन खिलाड़ी
सूर्यकुमार यादव सबसे छोटे प्रारूप में कमाल रहे हैं। उन्होंने दो शतक जड़ने के अलावा छक्कों का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है।

Flashback 2022: साल 2022 बीतने को है और क्रिकेटिंग आंकड़े भी इस साल के साथ पीछे छूटते चले जाएंगे। हर साल बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आईसीसी सम्मान देती है लेकिन इसमें अभी समय है। सबसे छोटा प्रारूप इस साल काफी ज्यादा छाया रहा है। टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे इवेंट हुए। इनमें बेहतरीन खिलाड़ी के तौर पर सूर्यकुमार यादव का नाम सबसे ऊपर आया है। सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में बेस्ट बनकर सामने आए हैं और उन्होंने सभी धुरंधरों को पीछे छोड़ दिया।

टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार बने किंग
यह साल सूर्यकुमार यादव का रहा है और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आंकड़े इस बात को सही साबित कर देते हैं। सूर्यकुमार यादव ने सबसे छोटे प्रारूप में तबाही मचाते हुए गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी। उनके रन भी 180 के ऊपर के स्ट्राइक रेट से आए हैं। 31 टी20 मैच खेलते हुए सूर्या ने 1164 रन जड़े। इस दौरान उन्होंने 2 बार शतक जमाए। दोनों ही शतक विदेशी धरती पर आए, इनमें से भी एक सैकड़ा इंग्लैंड में आया। उन्होंने ये रन 187 के स्ट्राइक रेट से बनाए। पहली गेंद से ही प्रहार करते हुए सूर्यकुमार यादव गेंदबाजों को दबाव में लाने का प्रयास करते हैं।

छक्कों के मामले में भी सूर्या टॉप पर
वनडे क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव इस साल ज्यादा नहीं खेले लेकिन टी20 क्रिकेट में उन्होंने अपनी गहरी छाप छोड़ी है। पहली ही गेंद से प्रहार करने वाले सूर्यकुमार यादव ने बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए हैं। इस साल सूर्यकुमार यादव के बल्ले से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 68 छक्के आए हैं। अन्य सभी ताबड़तोड़ बल्लेबाज उनसे पीछे रह गए। वह 360 डिग्री खेलने की क्षमता दिखाते हैं। इस मामले में सूर्यकुमार यादव के बाद यूएई के मुहम्मद वसीम का नाम आता है, जिनके नाम 43 छक्के हैं। अंदाजा लगाया जा सकता है कि यादव कितने आगे हैं। उनकी प्रैक्टिस इस तरह की रहती है और गेंद टाइमिंग करने से छह रन के लिए चली जाती है।

टी20 रैंकिंग में नम्बर 1
सूर्यकुमार यादव ने लगातार रन बनाते हुए अपनी टी20 रैंकिंग में सुधार किया। 44 स्थानों की छलांग के साथ वह नम्बर 5 पर आए। इसके बाद अगले कुछ सप्ताह में ही वह नम्बर दो पर आ गए। इस दौरान बाबर नीचे आ गए और रिज़वान नम्बर एक पर चले गए। सूर्यकुमार यादव के लिए नम्बर एक की कुर्सी थोड़ी ही दूर थी और उन्होंने इसे हासिल करते हुए नम्बर एक खिलाड़ी बन गए। इस समय उनको नम्बर एक से हटाने की दौड़ में अन्य बल्लेबाज नहीं दिख रहा है। अगले साल भी उनका बल्ला शायद ऐसे ही चलता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications