रोहित शर्मा को बॉलिंग करते देख फैंस हुए हैरान, क्या बांग्लादेश के खिलाफ नए अवतार में नजर आएंगे हिटमैन?
World Cup 2023, India vs Bangladesh: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का 17वां मैच भारत और बांग्लादेश के बीच 19 अक्टूबर को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में होना है। इस मैच से पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा को नेट्स में गेंदबाजी करते देख फैंस हैरान रह गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में 36 वर्षीय खिलाड़ी ने 17 अक्टूबर को प्रैक्टिस सेशन के दौरान गेंदबाजी में हाथ आजमाए। रोहित शर्मा ने आखिरी बार मार्च 2015 में आयरलैंड के खिलाफ मैच में गेंदबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने वनडे में 5.21 की इकोनॉमी रेट से आठ विकेट चटकाए।

बता दें कि, रोहित के नाम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक हैट्रिक भी दर्ज है, जो उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स (अब सनराइजर्स हैदराबाद) के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ ली थी। इस दौरान उन्होंने अभिषेक नायर, हरभजन सिंह और जेपी को आउट किया था।
दरअसल, भारत बनाम बांग्लादेश के मैच में रोहित शर्मा को नेट सेशन में गेंदबाजी करते देख सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है। यूजर्स कयास लगा रहे हैं कि बांग्लादेख के खिलाफ रोहित शर्मा एक बार फिर गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो वर्ल्ड कप में हिटमैन का एक नया अवतार देखने को मिलेगा।
भारत के पूर्व क्रिकेटर अमोल मजूमदार ने 2023 विश्व कप में बल्ले से किए गए प्रदर्शन के लिए रोहित शर्मा की सराहना की है। उन्होंने बताया कि कैसे 2011 विश्व कप में भारतीय टीम में जगह बनाने में असफल रहने के बाद दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपना करियर बदल दिया।
मजूमदार ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान बताया कि, 'देखिए, रोहित शर्मा 2007 में भारत के लिए खेले। उन्होंने विश्व टी20 खेला, चैंपियनशिप जीती और फिर वनडे टीम में शामिल हो गए। लेकिन जब उन्हें 2011 विश्व कप के लिए टीम में नहीं चुना गया, तो वह बहुत खराब प्रदर्शन कर रहे थे।'
उन्होंने कहा कि, 'मुझे पता है कि वह बांद्रा से बोरीवली वापस चले गए, और उन्होंने एक फिटनेस ट्रेनर भी रखा, और वह फिटनेस ट्रेनर 2-3 महीने तक उनके घर पर रहा। उन्होंने अपनी फिटनेस पर बहुत ध्यान केंद्रित किया और वहीं से वापसी की। और उसके बाद से फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।'
आईसीसी वर्ल्ड कप में रोहित ने तीन मैचों में 72.33 की औसत से 217 रन बनाए हैं, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ 131 और पाकिस्तान के खिलाफ 86 रन शामिल हैं। फैंस को रोहित शर्मा से एक बार फिर इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।












Click it and Unblock the Notifications