धोनी की दिवानगी का जवाब नहीं, फैन ने शादी के कार्ड पर छपवाई माही की फोटो
सोशल मीडिया पर कर्नाटक के एक फैन के शादी के कार्ड की फोटो वायरल हो रही है, जिसमें धोनी की फोटो कार्ड पर छपी हुई है।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फैन फॉलोइंग सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। समय-समय पर धोनी के फैंस की ऐसी दिवानगी देखने को मिली है कि जो सुर्खियों में आ गई है। रामबाबू नाम का एक युवक धोनी का सबसे बड़ा फैन बताया जाता है जो अपने शरीर को तिरंगे में रंगकर रखता है और शरीर पर धोनी का नाम लिखवाता है। धोनी का एक ऐसा ही फैन सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने अपनी शादी के कार्ड पर माही की फोटो छपवाई है। शादी के इस कार्ड की फोटो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रही है।
फोटो में चैंपियंस ट्रॉफी के साथ हैं धोनी
वायरल फोटो में एक शादी के कार्ड पर दूल्हा-दुल्हन के नाम के अलावा धोनी की फोटो छपी है। शादी के कार्ड पर धोनी की जो तस्वीर है उसमें माही चैंपियंस ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं, जो भारत ने उनकी कप्तानी में 2013 में जीती थी। आपको बता दें कि धोनी की कप्तानी में भारत ने वहीं आखिरी आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। धोनी की कप्तानी में भारत ने कुल 3 आईसीसी ट्ऱॉफी जीती हैं। सबसे पहले 2007 विश्व, फिर 2011 वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी को भारत ने जीता था।
सालभर बाद आईपीएल में दिखेंगे धोनी
आपको बता दें कि धोनी को लेकर फैंस में दिवानगी इस वक्त इसलिए भी है क्योंकि माही सालभर बाद फिर से मैदान पर दिखने वाले हैं। दरअसल, आईपीएल 2023 का आगाज 31 मार्च से हो रहा है और पहला ही मैच चेन्नई सुपरकिंग्स का है। सीएसके की टीम पहले मैच में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। धोनी इस पहले मैच के लिए चेन्नई पहुंच चुके हैं और उन्होंने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। बता दें कि धोनी ने 15 अगस्त 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। तब से धोनी सिर्फ आईपीएल में ही खेलते हुए नजर आते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी का यह आखिरी सीजन हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications