ऋषभ पन्त ने 13 महीने में पहली बार सुनाया एक्सीडेंट का दुःख, रोते हुए बताई दुर्घटना की पूरी कहानी
Rishabh Pant: साल 2022 में 30 दिसम्बर को ऋषभ पन्त का एक भयानक कार एक्सीडेंट हुआ था। इसमें पन्त की स्थिति बेहद नाज़ुक थी। भारतीय क्रिकेटर को कार के शीशे तोड़कर लोगों ने बाहर निकाला था। इतने समय बाद भी वह ठीक नहीं हुए हैं और रिकवरी से गुजर रहे हैं। उस एक्सीडेंट को लेकर पन्त ने एक बड़ा खुलासा किया है।
इतने समय बाद उन्होंने अपने एक्सीडेंट पर बातचीत में कुछ चौंकाने वाली बातों का जिक्र किया है। ऋषभ पन्त ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए अपने घुटने को लेकर बेहद अहम बात कही। पन्त ने कहा कि मेरा घुटना 180 डिग्री तक मुड़ गया था।

उन्होंने कहा कि अगर मेरी नर्व डैमेज होती तो पूरा पैर ही काटना पड़ता। उन्होंने यह भी बताया कि चोट कहां-कहां लगी थी। पन्त ने इतनी बड़ी दुर्घटना के बारे में बताते हुए भी अपना मजाकिया लहजा नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि मैंने एक SUV गाड़ी खरीदी थी और दुर्घटना के बाद वह सीडान बन गई।
ऋषभ पन्त ने उनको बचाने वाले रजत और निशु का जिक्र किया और कहा कि इन दोनों लड़को की वजह से मैं ज़िन्दा हूं। इनका जीवन भर आभारी रहूंगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि घुटना पूरी तरह से मुड़ गया था, इसे सही जगह लाने के लिए मैंने आस-पास के लोगों से मदद ली। घटना के बारे में बताते हुए ऋषभ पन्त की आँखों में आंसू आ गए और वह भावुक हो गए।
खुद को भाग्यशाली समझते हुए पन्त ने कहा कि यह अच्छा हुआ कि मुझे अपना पाँव मिल गया। अगर नर्व में डैमेज रहता, तो मेरा पैर भी काटना पड़ सकता था। उन्होंने कहा कि मैंने डॉक्टर से पूछा था कि ठीक होने में कितना समय लगेगा। मुझे 16 से 18 महीने ठीक होने के लिए बताये गए और मैंने कहा कि मैं उनमें से 6 महीने कम कर लूँगा।
गौरतलब है कि देहरादून से एयरलिफ्ट कर ऋषभ पन्त को बेहतर इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट किया गया था। इसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ था। पन्त को बचाने में हरियाणा रोडवेज के ड्राईवर और कंडक्टर का भी अहम योगदान रहा था।












Click it and Unblock the Notifications