चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान की टक्कर से पहले आ रही फिल्म, कब होगी रिलीज और कहां देख सकेंगे
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला हर क्रिकेट मुकाबला तीव्र स्पर्धा वाला होता है। सालों से इन दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज में कोई मैच नहीं हुआ है। आईसीसी इवेंट्स में ही मैचों का आयोजन होता है और फैन्स इसे लेकर खासे उत्साहित होते हैं।
दोनों देशों के बीच मैचों से आईसीसी को भी बड़ी आमदनी होती है। हर बार आईसीसी इवेंट में इन देशों का मैच सबसे बड़ी संख्या में देखा जाता है। पिछली बार भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के दौरान न्यूयॉर्क में मुकाबला खेला गया था।

इस बार चैम्पियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान के पास है और टीम इंडिया के साथ मेजबान टीम का मुकाबला काफी अहम होने वाला है। दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को चैम्पियंस ट्रॉफी में मुकाबला खेला जाना है। इससे पहले एक बड़ी खबर आई है।
भारत-पाकिस्तान मैचों का सफर
दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों को लेकर एक डोक्यूमेंट्री बनाई गई है और यह रिलीज भी होनी है। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में भारत और पाकिस्तान के बीच मैचों का सफर दर्शाया गया है। इसका पोस्ट भी जारी कर दिया गया है और दर्शक इसे देखने के लिए खासे उत्सुक भी होंगे।
कब रिलीज होगी यह फिल्म
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दोनों देशों को लेकर बनी डोक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। मुकाबला से 15 दिन पहले इसे रिलीज कर दिया जाएगा। पोस्टर में सचिन तेंदुलकर और वीरेंदर सहवाग को दिखाया गया है। इसके अलावा पाक टीम को भी दिखाया गया है लेकिन वह छोटी तस्वीर में है। 7 फरवरी को यह रिलीज होगी।
भारत-पाकिस्तान फाइनल में टीम इंडिया की हार
गौरतलब है कि चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच पिछली बार मैच 2017 में हुआ था। चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में दोनों के बीच हुई टक्कर में पाक ने जीत दर्ज करते हुए टाइटल अपने नाम किया था। टीम इंडिया विराट कोहली की कप्तानी में खेल रही थी। इस बार भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications