ध्रुव जुरेल ने MS Dhoni से मिली सीख का किया खुलासा, कैप्टन कूल ने बताया- कैसे हासिल कर सकते हैं महारत
ध्रुव जुरेल ने आईपीएल 2023 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। ध्रुव जुरेल ने अपने आईपीएल में अनुभव के बार में बात करते हुए एमएस धोनी के साथ बातचीत का भी जिक्र किया और 'कैप्टन कूल' की जमकर प्रशंसा की।

Dhruv Jurel: आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन शानदार रहा। हालांकि, ये अलग बात है कि उनकी टीम (RR) प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। आरआर ने इस सीजन कुल 14 मैच में से 7 मैच जीतकर खुद को पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर रखा। इस बीच ध्रुव जुरेल ने अपने प्रदर्शन को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने बताया कि एमएस धोनी से उन्होंने क्या कुछ सीखा।
राजस्थान रॉयल्स के ध्रुव जुरेल ने हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल के 16वें सीजन में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने आरआर के लिए 13 मैच खेले और 172.73 के स्ट्राइक-रेट से 152 रन बनाए। ध्रुव इस बात से सहमत हैं कि आईपीएल में वह जिस नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, वह एक तरह से अच्छी स्थिति है, लेकिन वह उस भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने के इच्छुक हैं जो टीम मैनेजमेंट द्वारा उन्हें सौंपी गई है।
क्रिकेटनेक्स्ट के साथ एक खास बातचीत में युवा खिलाड़ी ने अपने आईपीएल अनुभव और एमएस धोनी के साथ बातचीत और अपनी फिटनेस के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि, 'मैं पिछले सीजन में भी आरआर के साथ था। लेकिन मुझे तब मौका नहीं मिला। मुझे इस साल मौका मिला है। इसलिए, मेरे दिमाग में यह बात थी कि मुझे प्रदर्शन करना है।'
उन्होंने बताया कि, 'मैं वास्तव में अच्छा अभ्यास करता था। मैं रोजाना 8-9 घंटे अभ्यास करता था। मैं बस यही सोच रहा था कि मौका मिला तो दोनों हाथों से लपक लूंगा और मुझे पूरा भरोसा था क्योंकि अतीत में जिस तरह से काम किया गया है वह वाकई शानदार रहा है और मैं तैयार था।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'क्रिकेट के अलावा मैंने जोस बटलर, संजू सैमसन, एमएस धोनी, विराट कोहली जैसे दिग्गजों से बात की और मैंने उनसे जो सीखा वह यह है कि वे वास्तव में मैदान के बाहर विनम्र हैं, और यह चीज में उनसे लेना चाहता हूं।'
दरअसल, जब ध्रुव जुरेल से पूछा गया कि आप खुद को 6-7 नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कैसे तैयार करते हैं? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, 'मैं एमएस भाई (एमएस धोनी) की मानसिकता जानने के लिए बहुत उत्सुक था। मैंने उनसे इस बारे में बात की और उनसे 6-7 नंबर पर पर बल्लेबाजी करने के बार में पूछा, तो उन्होंने मुझसे कहा कि यह बहुत अच्छी स्थिति है। एमएस धोनी ने कहा कि 6-7 पर बल्लेबाजी करना थैंकलेस जॉब है।'
'आप नहीं जानते कि गेंदबाज कैसा चल रहा है। इस स्थिति में महारत हासिल करने का एकमात्र तरीका यह है कि आपको उस तरह का अभ्यास करने की आवश्यकता है। आपको स्थिति को अच्छी तरह से समझना होगा और इससे मुझे काफी मदद मिली।' जुरेल ने धोनी को अपना आदर्श भी बताया।.












Click it and Unblock the Notifications