DC vs LSG: आखिरी ओवर के रोमांच में हारी दिल्ली, लखनऊ ने लगाई जीत की हैट्रिक
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 15वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंटस के बीच खेला गया, जहां पर केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आसान जीत हासिल की और अपने पहले मैच में हार के बाद लगातार तीसरा मैच जीता है। इस जीत के साथ ही लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम अंकतालिका में दूसरे पायदान पर काबिज हो गई है। केकेआर और लखनऊ दोनों ही टीमों ने अपने पहले 4 मैचों में से 3 में जीत हासिल की है लेकिन बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से कोलकाता की टीम पहले पायदान पर काबिज हो गई है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम को इस मैच में टॉस हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने विस्फोटक शुरुआत की, हालांकि लखनऊ के स्पिनर्स की शानदार गेंदबाजी के दम पर दिल्ली की टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी और निर्धारित 20 ओवर्स में 149 रन ही बना सकी। जवाब में लखनऊ की टीम ने सिर्फ 4 विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया और जीत की हैट्रिक लगाई।
और पढ़ें: DC vs LSG: स्पिनर्स की फिरकी में फंसी दिल्ली कैपिटल्स, पंत-शॉ की विस्फोटक पारी ने बचाया

पावरप्ले के बाद धीमी हो गई दिल्ली की बल्लेबाजी
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 6 ओवर में 52 रनों का स्कोर खड़ा किया था लेकिन स्पिनर्स ने अगले 8 ओवर में वापसी करायी और 3 विकेट हासिल कर सिर्फ 47 रन दिये। ऋषभ पंत और सरफराज अहमद ने अगले 2 ओवर में तेजी से रन बनाने का कारनामा करते हुए 18 गेंदों में 37 रन बना डाले जिसके बाद फिर से उम्मीद जगी कि शायद दिल्ली की टीम 160-170 तक पहुंच जायेगी लेकिन आखिरी के दो ओवर्स में लखनऊ के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी कर पंत-सरफराज को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया और आखिरी 12 गेंदों में सिर्फ 13 रन दिये।

डिकॉक-राहुल के दम पर लखनऊ ने की अच्छी शुरुआत
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने दिल्ली को 149 रनों पर रोक दिया और 150 रनों का पीछा करते हुए जबरदस्त शुरुआत की। लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने केएल राहुल (24) और क्विंटन डिकॉक (80) ने पहले 6 ओवर में बिना विकेट खोये 48 रन बना लिये और 9.3 ओवर्स में 72 रनों की साझेदारी कर डाली। कुलदीप यादव ने केएल राहुल का विकेट लेकर दिल्ली की टीम को पहली सफलता दिलाई, जिसके बाद ललित यादव ने एविन लुईस का विकेट चटकाकर अपनी टीम की थोड़ी वापसी करायी।

बुरी तरह फ्लॉप हुए तेज गेंदबाज
हालांकि दिल्ली के तेज गेंदबाज इस मैच में पूरी तरह से निष्क्रिय नजर आये जिसका फायदा लखनऊ को हुआ। एनरिच नॉर्खिया पहली बार इस सीजन में मैच खेलने उतरे थे लेकिन 2.2 ओवर्स फेंककर 35 रन लुटा दिये। क्विंटन डिकॉक ने 52 गेंदों का सामना कर 9 चौके और 2 छक्के की मदद से 80 रनों की पारी खेली तो वहीं पर केएल राहुल ने एक चौके और एक छक्के की मदद से 24 रनों की पारी खेली। दिल्ली के लिये कुलदीप यादव ने 2 विकेट हासिल किये तो वहीं पर ललित के खाते में एक विकेट आया।

कुलदीप यादव ने कराई दिल्ली की वापसी
दिल्ली की टीम के लिये बोर्ड पर ज्यादा रन नहीं होने की वजह से लखनऊ की टीम ने इस स्कोर को आसानी से हासिल करती हुई नजर आ रही थी लेकिन कुलदीप यादव ने डिकॉक का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करा दी। मुस्तफिजुर रहमान ने 17वें ओवर में सिर्फ 4 रन दिये तो वहीं पर शार्दुल ठाकुर ने 18वें ओवर में सिर्फ 5 रन देकर मैच को रोमांचक बना दिया।

आखिरी ओवर के रोमांच में जीती लखनऊ
हालांकि 19वें ओवर में पांड्या ने छक्का लगाकर ओवर से 14 रन बटोरे जिसकी वजह से जीत के लिये आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन की दरकार रह गई। शार्दुल ठाकुर आखिरी ओवर लेकर आये जिसमें उन्हें 5 रन डिफेंड करना था और पहली ही गेंद पर उन्होंने दीपक हुड्डा का विकेट हासिल कर लिया। वहीं अगली गेंद पर शार्दुल ने कोई रन नहीं दिया। इसके बाद लखनऊ को जीत के लिये 4 गेंदों में 5 रन की दरकार रह गई। तीसरी गेंद पर आयुष बदौनी ने ऑफ साइड पर चौका लगाकर स्कोर को बराबर कर दिया और अगली गेंद पर छक्का लगाकर लखनऊ की टीम को 6 विकेट से मैच जिता दिया।












Click it and Unblock the Notifications