रेप के आरोप में गिरफ्तार धनुष्का गुनातिलका को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सभी फॉर्मेट से किया सस्पेंड
Danushka Gunathilaka: श्रीलंका के क्रिकेटर धनुष्का गुनातिलका को जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया में यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने होटल से गिरफ्तार किया, उसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। श्रीलंका क्रिकेट ने धनुष्का को सस्पेंड कर दिया है। श्रीलंका क्रिकेट की एग्जेक्युटिव कमेटी ने धनुष्का गुनातिलका को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से तत्का प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। अब उन्हें टीम में चयन के लिए विकल्प के तौर पर नहीं देखा जाएगा।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस बाबत आधिकारिक बयान जारी करके कहा गया है कि श्रीलंका क्रिकेट खुद से इस मामले की पूरी जांच और आरोपों की पड़ताल के लिए जरूरी कदम उठाएगा। ऑस्ट्रेलिया कोर्ट में इस मामले का फैसला आने के बाद अगर खिलाड़ी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट यह बताना चाहता है कि हम इस तरह से बर्ताव को लेकर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की कानूनी एजेंसी को जो भी मदद चाहिए हम उसे मुहैया कराएंगे, ताकि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
बता दें कि गुनातिलका को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें आज सिडनी कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। इस दौरान गुनातिलका के हाथ में हथकड़ी बंधी थी। इस पेशी में गुनातिलका ने सिर्फ अपनी पहचान बताने के लिए बयान दिया। वह ग्रे रंग की टी शर्ट में शांत बैठे नजर आए। गुनातिलका के वकील आनंद अमरनाथ ने कहा कि वह इस मामले में जमानत की अपील करेंगे। मजिस्ट्रेट रॉबर्ट विलियम्स ने मामले की सुनवाई के बात कोर्ट को स्थगित कर दिया। बता दें कि धनुष्का को रविवार देर रात तकरीबन 1 बजे सिडनी पुलिस ने श्रीलंका टीम के होटल से गिरफ्तार किया। जिस होटल में श्रीलंका की टीम ठहरी थी, वहीं से उन्हें गिरफ्तार किया गया है।