'एशिया कप से भी बाहर होंगे कोहली', पूर्व पाक स्पिनर ने उठाए ईशान किशन पर भी सवाल
नई दिल्ली, 31 जुलाई: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली जिंबॉब्वे टूर पर जा रही टीम इंडिया का भी हिस्सा नहीं हैं। उसके बाद एशिया कप में उनके वापस लौटने की उम्मीद तो की जा रही है लेकिन पक्का कुछ नहीं है। विराट कोहली ने नवंबर 2019 के बाद से क्रिकेट में कोई भी 3 अंकों वाली पारी भी नहीं खेली जिसके चलते उनकी खराब फॉर्म कुछ ज्यादा ही लंबे समय तक खिंच गई है। इस दौरान उनकी उम्र बढ़ी है और विराट से सभी पुरानी फॉर्म में वापस लौटने की उम्मीद भी कर रहे हैं।

शायद एशिया कप के लिए भी नहीं चुना जाएगा
भारतीय टीम को इस साल 2 बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं लेकिन विराट कोहली को लेकर अभी कोई ठोस प्लान दिखता हुआ नहीं नजर नहीं आता। ऐसे में पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया को लगता है कि शायद विराट कोहली को एशिया कप के लिए भी नहीं चुना जाएगा। पूर्व स्पिनर ने यह भी कहा कि विराट कोहली को युवा ईशान किशन की जगह जिंबॉब्वे टूर पर भेजा जाना चाहिए था।

ईशान किशन को नहीं खिलाना चाहिए था
दानिश कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, भारत को इस टीम में ईशान किशन को नहीं खिलाना चाहिए था क्योंकि तब संजू सैमसन को तीनों एकदिवसीय मैच बिना किसी दबाव के खेलने को मिलते। आप ईशान किशन के बजाय विराट कोहली को टीम में शामिल कर सकते थे। विराट कोहली को यह सीरीज खेलनी चाहिए थी। क्या बीसीसीआई ने विराट कोहली को केवल बड़े टूर्नामेंट के लिए बचा कर रखा है? लेकिन अगर वे वहां फेल होते हैं तो फिर एक बार फिर उनकी फॉर्म पर बात की जाएगी।

ये विराट कोहली के साथ न्याय नहीं है
मुझे लगता है ये विराट कोहली के साथ न्याय नहीं है। आपको इस बात को लेकर बहुत स्पष्ट होना होगा कि विराट कोहली के साथ कैसे आगे बढ़ना है, कैसे उनको हैंडल करना है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पूरी सीरीज से बाहर रहे तो उनको निश्चित तौर पर जिंबॉब्वे भेजा जाना चाहिए था। वहां 50 ओवर के गेम खेलकर अपनी फॉर्म को हासिल कर सकते थे और फिर एशिया कप खेल सकते थे। लेकिन ऐसा लगता है अब उनको एशिया कप के लिए भी ड्रॉप किया जा सकता है।

जिंबॉब्वे सीरीज 18 अगस्त से शुरू होगी
विराट कोहली फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज का भी हिस्सा नहीं हैं। उनको थोड़ा लंबा ब्रेक दिया गया है। जिंबॉब्वे सीरीज 18 अगस्त से शुरू होगी। विराट कोहली का इंग्लैंड दौरा काफी खराब रहा था जहां पर उन्होंने 20 रन बनाए थे जबकि एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में 17 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications