CSK ने Sanju Samson को जन्मदिन पर दिया स्पेशल मैसेज, IPL 2026 में धोनी के साथ खेलना हो गया पक्का?
CSK On Sanju Samson Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 11 नवंबर को अपना 31वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उन्हें चारों ओर से शुभकामनाएं मिल रही है। लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने एक बार फिर उनके चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने की चर्चाओं को तेज कर दिया है। सैमसन के जन्मदिन के मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स ने एक स्पेशल मैसेज कर उन्हें बधाई दी।
CSK ने संजू को किया स्पेशल मैसेज (CSK On Sanju Samson Birthday)
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर संजू को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा। सीएसके ने लिखा कि तुम्हें और शक्ति मिले, संजू! एक शानदार जन्मदिन की शुभकामनाएं! यह शुभकामना संदेश ऐसे समय में आया है, जब क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज है कि केरल के यह क्रिकेटर आईपीएल 2026 से पहले एक बड़े ट्रेड के तहत चेन्नई फ्रैंचाइजी में शामिल हो सकते हैं।

CSK और RR के बीच होगी मेगा-ट्रेड?
पिछले कुछ समय से ऐसे अटकलें हैं कि संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स (RR) से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में ट्रेड किया जा सकता है। इस बड़ी अदला-बदली में CSK के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कर्रन को राजस्थान रॉयल्स में भेजे जाने की संभावना है। हालांकि, दोनों फ्रैंचाइजी ने इस अदला-बदली की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जल्द हो सकती है अधिकारिक घोषणा
सूत्रों के अनुसार, रिटेंशन की घोषणाओं के साथ ही 15 नवंबर के आसपास इस ट्रेड को लेकर खबर सामने आ सकते हैं। 'क्रिकबज' की रिपोर्ट बताती है कि CSK और RR ने इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया है, और IPL प्लेयर रेगुलेशन के अनुसार एक ट्रेड को औपचारिक रूप देने में 48 घंटे लगते हैं। ऐसे में इस स्वैप को आधिकारिक और पूरा होने में कुछ दिन लग सकते हैं।
आईपीएल ट्रेड के नियम क्या कहते हैं?
जो खिलाड़ी किसी 'प्लेयर नीलामी' में खरीदे जाते हैं, उन्हें उसके तुरंत बाद वाले सीजन में ट्रेड नहीं किया जा सकता। ट्रेड बातचीत केवल खिलाड़ियों को दिए जाने वाले लीग फीस पर हो सकती है। प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट की अन्य शर्तों को बदला नहीं जा सकता। न ही खिलाड़ी को, न ही बेचने वाली फ्रैंचाइज़ी को अलग से कोई भुगतान किया जा सकता है।
यदि ट्रेड किया जाने वाला खिलाड़ी विदेशी है तो खरीदने वाली फ्रैंचाइजी को संबंधित बोर्ड से NOC लेना होगा। एक फ्रैंचाइज़ी किसी भी ट्रेडिंग विंडो में कितने भी खिलाड़ियों का ट्रेड कर सकती है, लेकिन उन्हें 'सैलरी कैप' और टीम की संरचना का पालन करना होता है। किसी भी खिलाड़ी को एक सीज़न में केवल एक बार ही ट्रेड किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications