BCCI हेडक्वार्टर में कोरोना की तीसरी लहर का आतंक, 15 MCA कर्मचारी भी हुए पॉजिटिव

नई दिल्लीः भारत में कोरोना के केस तेजी से बढ़ने लगे हैं और क्रिकेट भी इससे अछूता नहीं है। वैश्विक स्तर पर कोविड ने इस खेल को बुरी तरह प्रभावित किया है और अगर यह मामला कोविड की शुरुआती लहर का होता तो अब तक कई क्रिकेट सीरीज कैंसिल हो चुकी होती लेकिन लंबे समय से कोरोना से जूझ रहा इंसान इसके मैनेजमेंट में भी आगे बढ़ गया है, यही वजह से एशेज सीरीज के बीच में कई कोविड केस निकलने के बावजूद श्रंखला जारी है।
दुनिया में ओमिक्रॉन वैरिएंट जहां तेजी से पांव पसार रहा है तो वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को दोनों डोज लगवाने के बावजूद डेल्टा प्लस वैरिएंट ने अपनी चपेट में ले लिया था। भारत में तेजी से बढ़ रहे मामले रोजाना के स्तर पर एक लाख से ऊपर जा चुके हैं और यह कोविड की तीसरी लहर का आगमन है।
यह भी पढ़ें- स्टोक्स को अजीबोगरीब तरीके से दिया आउट, फिर रिप्ले में बॉल ने जो किया, उससे सब रह गए हैरान
कोरोना की तीसरी लहर ने भारत में क्रिकेट सेंटर को प्रभावित किया है। क्रिकेट सेंटर वानखेड़े स्टेडियम के परिसर में एक बिल्डिंग है जिसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) का मुख्यालय है।
पंद्रह एमसीए कर्मचारी और कम से कम तीन बीसीसीआई स्टाफ सदस्यों को कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है जिसके बाद एमसीए कार्यालय को तीन दिनों के लिए अपने कार्यालय का शटर बंद करने के लिए मजबूर किया गया है।
शुक्रवार को एक बातचीत में, एमसीए सचिव संजय नाइक ने एपेक्स काउंसिल के सदस्यों को वानखेड़े स्टेडियम के परिसर में स्थित एमसीए कार्यालय में कोविड-19 के इंफेक्शन के बारे में सूचित किया। रिपोर्ट के मुताबिक अब तक सभी व्यक्ति स्थिर हैं।
यह भी समझा जाता है कि कोरोना की चपेट में आए बीसीसीआई के सभी तीनों कर्मचारियों ( दो वित्त विभाग से हैं और एक क्रिकेट ऑपरेटिंग विंग से है) को घर पर आइसोलेट कर दिया गया है।
यह घटनाक्रम बीसीसीआई द्वारा प्रमुख घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी को स्थगित करने के कुछ दिनों बाद आया है। पिछले एक पखवाड़े में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ, एमसीए ने पिछले हफ्ते सभी स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंटों को निलंबित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications