दिलदार कोहली की मदद से ही क्रिस गेल ने IPL में लगाया था पहला शतक

IPL in Hindi: अगर कोहली चाहते तो गेल का शतक पूरा नहीं हो सकता था। गेल का यह शतक कोहली की खेल भावना को दिखाता है।

 Chris Gayle and kohli

विराट कोहली ने आइपीएल में सर्वाधिक 6 शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज था। अब गेल और कोहली आइपीएल के सबसे बड़े शतकवीर हैं। यह एक हसीन इत्तेफाक है कि गेल ने अपना पहला आइपीएल शतक विराट कोहली की मदद से ही लगाया था। अगर कोहली चाहते तो गेल का शतक पूरा नहीं हो सकता था। लेकिन दिलदार कोहली ने बड़ा दिल दिखाया और गेल को शतक पूरा करने में पूरा सहयोग दिया। गेल का यह शतक कोहली की उत्कृष्ट खेल भावना परिचायक है।

IPL 2011- बैंगलोर बनाम कोलकाता

क्रिस गेल पहले कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलते थे। 2011 के आइपीएल में वे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से जुड़े थे। इसकी वजह से विराट कोहली और क्रिस गेल को एक साथ खेलने का मौका मिला। प्रतियोगिता का 24वां मैच बैंगलोर और कोलकाता के बीच खेला गया था। कोलकाता ने पहले खेल कर 5 विकेट पर 171 रन बनाये थे। 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए बैंगलोर के सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान और क्रिस गेल मैदान पर उतरे। दिलशान और गेल ने पहले विकेट के लिए 123 रन जोड़े। इसमें गेल का योगदान अधिक था। दिलशान 13वें ओवर की पहली गेंद पर 38 रन बना कर आउट हो गये। फिर विराट बैटिंग के लिए आये। उस समय डेनियल वटोरी बैंगलोर के कप्तान हुआ करते थे। गेल तूफानी अंदाज में खेल रहे थे। विराट कोहली भी उनके साथ जम गये।

98 पर थे गेल, कोहली ने 5 गेंदें डॉट खेलीं

बैंगलोर तेजी से जीत की तरफ बढ़ रहा था। 17वां ओवर खत्म हुआ तो बैंगलोर का स्कोर था 1 विकेट के नुकसान पर 166 रन। जीत के लिए तीन ओवरों में 6 रनों की जरूरत थी। उस समय गेल 54 गेंदों पर 98 रन और कोहली 17 गेंदों पर 26 रन बना कर खेल रहे थे। कोलकाता के स्पिनर इकबाल अब्दुल्ला 18वां ओवर फेंकने आये। स्ट्राइक कोहली के पास थी। कोहली ने पहली गेंद पर चौका मार दिया। अब जीत के लिए केवल 2 रन चाहिए थे। कोहली को ये बात मालूम थी कि गेल 98 रनों पर खेल रहे हैं और उनको शतक के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए। इसके बाद कोहली ने अब्दुल्ला की चार लगातार गेंदों पर कोई रन नहीं लिया। लेकिन अब्दुल्ला ने छठी गेंद वाइड फेंक दी जिससे 1 अतिरिक्त रन मिल गया। अब जीत के लिए केवल 1 रन चाहिए था। अब्दुल्ला के वाइड फेंकने पर कोहली उन पर नाराज हो गये। उन्हें लगा कि शायद वे जानबूझ कर गेल को शतक से रोकना चाहते हैं। छठी गेंद दोबारा डाली गयी जिसे कोहली ने फिर रक्षात्मक तरीके से खेल दिया।

गेल ने चौका मार कर शतक पूरा किया

19वां ओवर शुरू हुआ तो स्ट्राइक क्रिस गेल के पास आयी। अब बैंगलोर को जीत के लिए सिर्फ 1 रन ही चाहिए था। जब कि गेल को अपने शतक के लिए कम से कम दो रन चाहिए थे। ऐसी स्थिति में एक ही रास्ता था कि गेल चौका या छक्का मार कर अपना शतक पूरा कर लें और टीम को जीत भी दिला दें। गेल ने यही किया। 19वां ओवर शाकिबल हसन डाल रहे थे। गेल ने पहली ही गेंद पर चौका मार कर अपना शतक पूरा कर लिया। इसके बाद गेल इतने खुश हो गये कि उन्होंने विराट कोहली को बाहों में भर लिया। गेल के लिए यह भावुक होने वाला पल था। उन्होंने पहला शतक उस टीम के खिलाफ लगाया जिसके लिए वे खेल चुके थे। गेल 102 और विराट कोहली 30 रनों पर नाबाद रहे।

कोहली का विराट हृदय

जब मैच खत्म हुआ तो विराट कोहली ने अपनी भावनाएं कुछ इस तरह प्रगट की थीं, मैं गेल को स्ट्राइक देने के लिए तत्पर था। टी-20 में मुश्किल से किसी को शतक मारने का मौका मिलता है। गेल 98 पर खेल रहे थे। मैंने बाउंड्री तो मार ली लेकिन उसी समय तय कर लिया कि अब एक भी रन नहीं बनाना है। हर गेंद को केवल रोकना है। लेकिन जब अब्दुल्ला ने एक वाइड गेंद डाल दी तो मैं थोड़ा निराश हो गया। मैं गेल की मेहनत को जाया नहीं होने देना चाहता था। आखिरकार गेल शतक पूरा करने में कामयाब हुए। यह विराट कोहली की उच्च खेल भावना का प्रतीक है। बैंगलोर के लिए भी यह जीत बहुत जरूरी थी क्यों कि वह पिछले तीन मैच लगातार हार चुका था। इस बात को गुजरे 12 साल हो गये लेकिन क्रिस गेल विराट कोहली की यह दिलदारी आज भी याद है। जाहिर है आइपीएल में गेल का यह पहल शतक था ऐसे में वे कोहली की मदद को कैस भूल सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+