'विराट और रोहित पर निर्भर नहीं टीम इंडिया...,' श्रीलंका के दिग्गज ने इन खिलाड़ियों को बताया ट्रम्प कार्ड
टीम इंडिया वर्तमान में वेस्टइंडीज के दौरे पर है, लेकिन इसके बाद का शेड्यूल बहुत व्यस्त होने वाला है, जहां भारत के सामने दो बड़े टूर्नामेंट के रूप में एशिया कप और विश्व कप है। इस दौरान सभी की निगाहें रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर रहेंगी। हालांकि, श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर चमिंडा वास का मानना है कि भारत अपने स्टार बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा पर निर्भर नहीं है।
चामिंडा वास का कहना है कि टीम इंडिया में कई अन्य युवा खिलाड़ी हैं जिन्हें एशिया कप और विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों के लिए 'ट्रम्प कार्ड' माना जा सकता है। भारत सबसे पहले 31 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप में खेलेगा, फिर आईसीसी पुरुष विश्व कप की मेजबानी करेगा जोकि 5 अक्टूबर से शुरू होगा।

विराट और रोहित की जगह इन खिलाड़ियों को बताया ट्रम्प कार्ड
चामिंडा ने एएनआई से बातचीत के दौरान कहा कि, 'अगर आप भारतीय टीम की बात करें तो सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा ही तुरुप का इक्का (trump cards) नहीं हैं, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव जैसे कई युवा क्रिकेटर भी ट्रम्प कार्ड हैं।
वास ने आगे कहा कि, 'यशस्वी जयसवाल अच्छा खेल रहे हैं, शुभमन गिल अच्छा खेल रहे हैं, भारत में बहुत सारी प्रतिभाएं हैं। हर कोई प्रतिस्पर्धी होने जा रहा है। जब बल्लेबाजी की बात आती है, तो मुझे लगता है कि भारत हर समय विराट और रोहित पर निर्भर नहीं रहता है, दूसरों ने भी योगदान दिया है और अगर विराट और रोहित प्रदर्शन करते हैं तो ज्यादातर मैच भारत ही जीतेगा।'
वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमरा के होने से होगा फायदा
दरअसल, चामिंडा जोकि लंका प्रीमियर लीग (LPL) में कोलंबो स्ट्राइकर्स टीम के गेंदबाजी कोच हैं। उन्होंने भी टीम में जसप्रीत बुमराह के महत्व के बारे में बात की और कहा कि अगर वह फिट हो जाते हैं तो विश्व कप में भारत के लिए बहुत बड़ा फायदा होगा। सितंबर 2022 से एक्शन से बाहर चल रहे बुमराह फिलहाल रिहैबिलिटेशन के अंतिम चरण में हैं।
पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर ने कहा कि, 'यह आसान नहीं होगा लेकिन हम जानते हैं कि जसप्रित बुमरा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं, जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया है, वह एक बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी हैं। टीम इंडिया वास्तव में उनकी सेवाएं प्राप्त करना चाहती है। मुझे पूरा यकीन है कि ट्रेनर और फिजियो उन्हें फिट करने के लिए एक टीम में काम कर रहे हैं। अगर वह फिट हो जाते हैं, तो विश्व कप में भारत के लिए यह बहुत बड़ा फायदा होगा।'
एशिया कप में अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में पूछे जाने पर चामिंडा ने कहा कि, 'मुझे यकीन है कि श्रीलंका भी खिताब का बचाव करना चाहता है और एशिया कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। जब आप अन्य टीमों को देखते हैं, तो पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भारत और बांग्लादेश सभी के पास अच्छे खिलाड़ी हैं और वे वास्तव में अच्छा खेल रहे हैं।
मुझे पूरा यकीन है कि टीम के पास विशेष रूप से पाकिस्तान और श्रीलंका में खेलने के लिए एक अलग रणनीति है। और उनके पास स्थिति के अनुसार खिलाड़ी हैं, इसलिए हर टीम के पास एक अवसर है जब एशिया कप की बात आती है।'
उन्होंने कहा कि, 'कुछ भी भविष्यवाणी करना बहुत मुश्किल है, मैं हमेशा कहता हूं कि सर्वश्रेष्ठ टीम स्थिति के अनुसार खेलेगी और संतुलित टीम के पास विश्व कप और एशिया कप जीतने का अवसर है।' चमिंडा ने कहा कि, 'हमने देखा है कि पूरे 50 ओवर के खेल में 325-350 रन बनते हैं, इसलिए जो भी 320-350 रन बना सकता है और बचाव कर सकता है वह टूर्नामेंट जीत सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications