Ajinkya Rahane ने बल्ले से दिखाया दम, शतक जड़ किया कमाल, क्या बांग्लादेश सीरीज में मिलेगा मौका?
County Cricket, Ajinkya Rahane News: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अपना 40वां फर्स्ट क्लास शतक बनाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लगातार दो चौके जड़कर अजिंक्य रहाणे ने अपना शतक पूरा किया। काउंटी चैंपियनशिप में लीसेस्टरशायर की तरफ से खेलते हुए रहाणे ने ग्लैमरगन के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में शतक लगाया।
192 गेंदों पर 102 रन बनाए
सोफिया गार्डन्स में मैच की पहली पारी में वह 42 रन बनाने में सफल रहे थे। लीसेस्टरशायर के लिए रहाणे की पारी अहम रही। दूसरी पारी में जब उनका दूसरा विकेट 37 रन पर गिरा तो रहाणे ने टीम को संभालने की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 183 रन की अहम साझेदारी की। रहाणे ने 192 गेंदों पर 102 रन बनाकर आउट होने से पहले अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया।

शानदार रहा है करियर
रहाणे ने 2007 में मुंबई के लिए कराची अर्बन के खिलाफ खेलते हुए अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत की थी। डेढ़ दशक से भी ज़्यादा समय में उन्होंने 190 मैचों की 322 पारियों में 13,387 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 46 के आसपास रहा है। उनके शानदार रिकॉर्ड में 40 शतक और 57 अर्धशतक शामिल हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 265 रन रहा है।
रहाणे ने लोहा मनवाया
अपने फर्स्ट क्लास करियर के दौरान रहाणे ने लगातार अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। दबाव में खेलने की उनकी क्षमता ग्लैमरगन के खिलाफ मैच के दौरान स्पष्ट हुई, जब उन्होंने लीसेस्टरशायर को शुरुआती झटके से उबारने में मदद की। हैंड्सकॉम्ब के साथ उनकी साझेदारी ने बोर्ड पर ब़ड़ा स्कोर खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बांग्लादेश सीरीज में मिलेगा मौका?
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रहाणे का सफ़र कई उपलब्धियों से भरा रहा है। मुंबई के लिए उनके पहले मैच ने उनके सफल करियर की नींव रखी, जिसने उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बना दिया। उनका हालिया शतक से बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी पर भी चर्चाएं शुरू हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications