2027 वर्ल्ड कप की तारीख को लेकर बड़ा अपडेट, भारत को ध्यान में रखकर ICC का खास प्लान
ODI World Cup 2027: अगले साल वनडे वर्ल्ड कप शुरू होने में अभी काफी समय है लेकिन इस टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इस बार वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीका में लौट रहा है और इसकी शुरुआत अगर सामने आ रही योजना के मुताबिक हुई, तो भारतीय फैंस के लिए तारीख खास होगी। 23 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीकी महाद्वीप में लौट रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार टूर्नामेंट का आगाज 2 अक्टूबर को हो सकता है, यानी महात्मा गांधी की जयंती के दिन इसकी शुरुआत हो सकती है। आईसीसी ने अभी टूर्नामेंट की पूरी मैच लिस्ट जारी नहीं की है, इसलिए 2 अक्टूबर को शुरुआत की तारीख के तौर पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

आईसीसी ने दिया संकेत
फिलहाल आईसीसी की तरफ से इतना जरूर कहा गया है कि 2027 वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। महात्मा गांधी का दक्षिण अफ्रीका से भी गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने अपने जीवन के 21 साल इसी देश में बिताए थे। ऐसे में अगर टूर्नामेंट की शुरुआत उनकी जयंती के दिन होती है, तो आईसीसी के लिए यह सिर्फ एक तारीख नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीका और भारत से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों को भी ताजा कर देगी।
2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। नामीबिया पहली बार सीनियर पुरुष आईसीसी वर्ल्ड कप के मेजबान के तौर पर सामने आएगा। आईसीसी ने टूर्नामेंट के लिए 12 वेन्यू तय कर दिए हैं। दक्षिण अफ्रीका के आठ शहरों में मुकाबले होंगे, जबकि जिम्बाब्वे के तीन शहर और नामीबिया की राजधानी विंडहोक भी वेन्यू है।
दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग का वांडरर्स, सेंचुरियन, केपटाउन का न्यूलैंड्स, डरबन का किंग्समीड, गकेबरहा का सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लोमफोंटेन का मैंगॉन्ग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और कुगोम्पो सिटी का बफेलो पार्क चुना गया है।
वर्ल्ड कप के फ़ॉर्मेट में बड़ा बदलाव
2027 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा बदलाव इसके फॉर्मेट को लेकर है। 14 टीमों वाले टूर्नामेंट के लिए नया स्ट्रक्चर बनाया गया है। सबसे पहले 12वें, 13वें और 14वें स्थान की रैंकिंग वाली तीन टीमें सुपर सीरीज में खेलेंगी। तीनों के बीच राउंड-रॉबिन मुकाबले होंगे और इस चरण की टॉप टीम अगले दौर में पहुंचेगी।
इसके बाद 12 टीमों को छह-छह के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इस चरण में कुल 30 मैच होंगे। दोनों ग्रुप से तीन-तीन टीमें आगे जाएंगी और दोनों ग्रुप में चौथे स्थान वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को भी अगला मौका मिलेगा।
इसके बाद सात टीमों का सुपर 7 राउंड होगा। यहां सभी टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर खेलेंगी। अंक तालिका की टॉप चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले स्थान वाली टीम का मुकाबला चौथे स्थान वाली टीम से और दूसरे स्थान वाली टीम का सामना तीसरे स्थान वाली टीम से होगा। इसके बाद विजेता टीमें फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।


Click it and Unblock the Notifications
