Asia Cup से पहले Harshal Patel की हुई इस टीम में एंट्री, 14 साल बाद हुआ ये करिश्मा
Harshal Patel returns to Gujarat: भारतीय तेज गेंदबाज़ हर्षल पटेल ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने घरेलू करियर की नई शुरुआत गुजरात से करने का ऐलान किया है। हर्षल ने पिछले 14 साल हरियाणा के लिए खेलते हुए बिताए और इस दौरान उन्होंने कप्तानी भी की, आईपीएल में धाक जमाई और टीम इंडिया तक का सफर तय किया। लेकिन अब वह गुजरात की टीम में लौट रहे हैं, जहां से उनका क्रिकेट सफर शुरू हुआ था।
गुजरात से हुई थी सफर की शुरुआत (Harshal Patel returns to Gujarat)
हर्षल पटेल ने 2008-09 में अंडर-19 स्तर पर गुजरात से खेलना शुरू किया था। इसके बाद वह हरियाणा चले गए और वहीं से उनका करियर संवर गया। हर्षल ने कहा कि अगर 18 साल की उम्र में हरियाणा नहीं जाता तो शायद मैं अमेरिका चला जाता और भारत में क्रिकेट नहीं खेल पाता। लेकिन अब पारिवारिक कारणों से उन्हें यह बदलाव करना पड़ा है। हर्षल का परिवार अहमदाबाद और अमेरिका के बीच रहता है। लगातार दूर रहने से दिक्कत हो रही थी, इसलिए उन्होंने गुजरात लौटने का फैसला लिया।

कोच रमेश पोवार और कप्तान अक्षर पटेल से हुई बात
हर्षल ने बताया कि उन्होंने गुजरात के कोच रमेश पोवार और कप्तान अक्षर पटेल से बात कर ली है। वह सफेद गेंद (वनडे और टी20) क्रिकेट पर ज्यादा फोकस करना चाहते हैं, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट (रनजी) के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मेरी फिटनेस और मोटिवेशन अभी भी पहले जैसी है। मैं रोजाना 10-15 ओवर गेंदबाजी कर सकता हूं। गुजरात की टीम ट्रांजिशन में है, मैं उसमें योगदान देना चाहता हूं।
IPL से मिली पहचान
हर्षल पटेल पिछले पांच साल में आईपीएल के बेहतरीन गेंदबाजों में रहे हैं। उन्होंने दो बार पर्पल कैप (सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले) जीता है। हर्षल कहते हैं कि IPL ने उनकी आर्थिक चिंताएं खत्म कर दी हैं। अब वह सिर्फ खेल के लिए खुद को और बेहतर साबित करना चाहते हैं। हर्षल पटेल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 74 मैच खेलते हुए 246 विकेट लिए हैं और 12 बार पांच विकेट झटके हैं। 34 साल के हर्षल का मानना है कि उनके पास देने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications