मुस्ताफिजुर रहमान को किया जाएगा IPL से बाहर? लगातार विरोध के बीच BCCI ने साफ़ की स्थिति
BCCI: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के शुरू होने से पहले ही विवादों का सिलसिला शुरू हो गया है। बांग्लादेश में जारी अशांति और भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के कारण सोशल मीडिया पर एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) पर बैन लगाने की मांग तेज हो गई थी।
अब इस पूरे विवाद पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति साफ कर दी है। सोशल मीडिया पर उठ रही बायकॉट की मांग और कुछ धार्मिक संगठनों की धमकियों के बीच बीसीसीआई ने 'वेट एंड वॉच' (Wait and Watch) की नीति अपनाई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट से बातचीत में स्थिति साफ़ की है।

बोर्ड के आधिकारी का कहना है कि हमें समझना होगा कि यह एक संवेदनशील स्थिति है। हम सरकार के संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है जिससे हमें बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाना पड़े। मुस्ताफिजुर आईपीएल खेलेंगे, क्योंकि बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है।
KKR का बड़ा दांव और वीजा की स्थिति
मुस्ताफिजुर रहमान इस साल के मिनी ऑक्शन में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा है। वीजा के मुद्दे पर बीसीसीआई का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आवेदन किए गए वीजा को ही आईपीएल के लिए एक्सटेंड (Extend) करवा लिया जाएगा, इसलिए इसमें कोई तकनीकी बाधा नहीं आएगी।
किसने किया था बांग्लादेशी प्लेयर का विरोध
गौरतलब है कि हाल ही में कथावाचक देवकीनंदन ने मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने की मांग उठाई थी, उन्होंने इस मामले में शाहरुख़ खान को भी खरीखोटी सुनाई थी। देवकीनंदन का वीडियो जमकर वायरल हुआ था। खबरों की मानें, तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी अपने प्लेयर के भारत में खेलने से कोई दिक्कत नहीं है, इस वजह से उनका खेलना तय माना जा रहा है। हालांकि अभी आईपीएल में समय है, बीसीसीआई की नजर इस मामले पर लगातार बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications