भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ को लेकर BCCI का बड़ा फैसला, नहीं हटाए जाएंगे राहुल द्रविड़
Indian Team Coach: बीसीसीआई के जिस फैसले का इंतजार था, वही हो गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के नए हेड कोच का इन्तजार किया जा रहा था लेकिन बोर्ड ने इस पर एक बड़ा फैसला लिया है। बीसीसीआई ने कोचिंग स्टाफ का अनुबंध बढ़ाने की घोषणा कर दी है।
राहुल द्रविड़ हेड कोच बने रहेंगे। उनका कार्यकाल वर्ल्ड कप के बाद समाप्त हो गया था लेकिन अनुबंध बढ़ने के कारण वह कोच बने रहेंगे। बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इसकी जानकारी दी और कोचिंग अनुबंध बढ़ाने की घोषणा कर दी।

बीसीसीआई ने द्रविड़ की कोचिंग को लेकर सराहना की। इसके अलावा वीवीएस लक्ष्मण की तारीफ भी की गई। बोर्ड ने कहा कि द्रविड़ और लक्ष्मण ने मिलकर भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मिलकर कार्य किया है। द्रविड़ ने कहा कि टीम के साथ दो साल यादगार रहे और काफी उतार-चढाव भी देखे। इस सफर में टीम के अंदर सौहार्द रहा।
द्रविड़ ने ड्रेसिंग रूम की संस्कृति को लेकर भी अहम प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमने ऐसी संस्कृति विकसित की है और हमें इस पर गर्व है। प्रतिकूल समय पर भी हमारी संस्कृति कठोर नहीं होती, यह लचीली रहती है। टीम के पास जो प्रतिभा और कौशल है, वह अभूतपूर्व है। हमने सही प्रक्रिया के साथ काम करने पर जोर दिया है।
राहुल द्रविड़ हेड कोच रहेंगे और विक्रम राठौड़ बल्लेबाजी कोच रहेंगे। गेंदबाजी कोच के रूप में पारस महाम्ब्रे और फील्डिंग कोच टी दिलीप ही रहेंगे। माना जा रहा था कि वर्ल्ड कप के बाद कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया जाएगा लेकिन अब अनुबंध बढ़ा दिया गया है।
द्रविड़ और अन्य स्टाफ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में अस्थायी कोचिंग स्टाफ की नियुक्ति की गई थी। वीवीएस लक्ष्मण को हेड कोच बनाया गया है। तीन मैच खेलने के बाद टीम इंडिया 2-1 से आगे चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications