खिलाड़ियों की दिमागी सेहत दुरुस्त करने फिर लौटा ये दिग्गज, विंडीज दौरे ही पर शुरू होगा काम
नई दिल्ली, 26 जुलाई: BCCI ने महत्वपूर्ण ICC T20 विश्व कप 2022 के लिए मानसिक कंडीशनिंग कोच पैडी अप्टन को फिर से नियुक्त किया है। वे वेस्टइंडीज में मौजूद टीम में शामिल होंगे।

अप्टन का टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ मजबूत तालमेल है, जिनके साथ उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स में काम किया था। इसके अलावा, दोनों एक-दूसरे को 2011 विश्व कप के दिनों से जानते हैं। भारत ने वह विश्व कप जीत लिया था। पैडी को इस तरह भारत के साथ एक विश्व कप जीतने का अनुभव हासिल है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, "पैडी वेस्टइंडीज में एक मानसिक कंडीशनिंग कोच के रूप में टीम में शामिल होंगे और टी 20 विश्व कप तक रहेंगे।"
अप्टन का आखिरी कार्यकाल आईपीएल 2022 में आरआर के साथ था। पिछले कुछ सालों में भारत में कई मानसिक कंडीशनिंग या दिमागी कोच रहे हैं। यह सब 2003 में शुरू हुआ जब जॉन राइट ने मनोवैज्ञानिक सैंडी गॉर्डन को लाया और टीम में यह कॉन्सेप्ट आया।
बाद में ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल को भी उनके लगभग दो साल के कार्यकाल के दौरान प्रसिद्ध खेल मनोवैज्ञानिक रूडी वेबस्टर से सहायता मिली।
दिलचस्प बात यह है कि 7 साल के लंबे शासनकाल के दौरान रवि शास्त्री के कार्यकाल में माइंड कोच गायब हो गया था। इसके अलावा, अनिल कुंबले ने भी कभी भी इस भूमिका को एक विशेषज्ञ के साथ भरने की कोशिश नहीं की।
विश्व खेल में लगभग सभी हाई-प्रोफाइल टीमों के पास मानसिक कंडीशनिंग कोच रहने लगे हैं।
भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमें आमतौर पर बहुत दबाव वाले माहौल में प्रतिस्पर्धा करती हैं, उनके प्रशंसकों की उम्मीदें आसमान छूती हैं। यह व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों पर अतिरिक्त भार लाता है।
इस बीच टीम इंडिया ने रविवार को त्रिनिदाद में दूसरे वनडे में 2 विकेट से जीत के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही सीरीज पर कब्जा कर लिया। अंतिम मैच बुधवार को खेला जाना बाकी है जिसके बाद 5 T20I होंगे।












Click it and Unblock the Notifications