BCCI का बड़ा ऐलान, युवा खिलाड़ियों के लिए खोला खजाना, U19 वर्ल्ड चैंपियन टीम पर बरसे करोड़ों रुपये
BCCI Announces Prize Money: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रिकॉर्ड छठी बार वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के लिए बड़े नकद पुरस्कार का ऐलान किया है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को जानकारी दी कि विश्व विजेता टीम तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि तय की गई है।
भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से दी मात (BCCI Announces Prize Money)
जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही भारत ने अंडर-19 पुरुष विश्व कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए छठी बार खिताब पर कब्जा जमाया। भारत की इस विशाल जीत की नींव 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रखी। वैभव ने फाइनल के बड़े मंच पर शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया।

भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
सूर्यवंशी के अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 40 रनों की अहम पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने के कारण वे लक्ष्य से दूर रह गए। इंग्लैंड के लिए कैलेब फाल्कनर ने 115 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज़ एजेंसी IANS से बात करते हुए कहा कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। हम खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के बीच इस राशि के विभाजन के विवरण पर काम कर रहे हैं। सैकिया ने एक्स पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हमारे घरेलू ढांचे, बेहतरीन कोचिंग कार्यक्रमों और प्रतिभा पहचान प्रक्रिया की मजबूती को बताती है।












Click it and Unblock the Notifications