'हम नहीं कर रहे BCCI से कोई बात,' बांग्लादेश ने अब ICC को भी धमकाया, अगला कदम उठाने की चेतावनी
Bangladesh Cricket Board: साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के शुरू होने से पहले ही क्रिकेट जगत में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले इस इवेंट के लिए अपनी टीम भेजने को लेकर हाथ पीछे खींचने के संकेत लिए हैं। बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा परिस्थितियों में वे भारत में अपनी टीम की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड्स के बीच संवाद पूरी तरह से बंद हो चुका है, जिससे टूर्नामेंट के आयोजन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपनी चिंताओं को लेकर सीधे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का दरवाजा खटखटाया है। बीसीबी ने औपचारिक तौर पर आईसीसी को पत्र लिखकर मांग की है कि बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर किसी अन्य देश में स्थानांतरित किया जाए।

बोर्ड का तर्क है कि उनके लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और वे इस मामले में कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। दिलचस्प बात यह है कि बीसीबी ने इस मुद्दे पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से बात करने से साफ़ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि चूंकि यह आईसीसी का इवेंट है, इसलिए वे केवल वैश्विक संस्था से ही संपर्क में रहेंगे। बीसीबी अध्यक्ष ने साफ़ कह दिया कि हम बीसीसीआई से कोई बात नहीं कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम आईसीसी के जवाब का इंतजार कर रहे हैं और उसी के अनुसार अगला कदम उठाएंगे।
मुस्तफिजुर रहमान और बीसीसीआई का कड़ा निर्देश
इस पूरे विवाद की जड़ में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का मामला भी जुड़ा हुआ है। दरअसल, बीसीसीआई ने 'आस-पास के घटनाक्रमों' का हवाला देते हुए मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज करने का निर्देश दिया था। बीसीसीआई के इस फैसले ने बांग्लादेशी खेमे में काफी नाराजगी पैदा की। बीसीबी ने इसे एक बड़े संकेत के रूप में देखा और इसके तुरंत बाद बोर्ड के निदेशकों की बैठक बुलाकर भारत में वर्ल्ड कप खेलने को लेकर कड़ा रुख अपनाने का फैसला किया।
राजनीतिक अस्थिरता और द्विपक्षीय संबंधों का असर
खेल के मैदान पर उपजा यह तनाव असल में दोनों देशों के बीच बिगड़ते राजनीतिक रिश्तों का प्रतिबिंब माना जा रहा है। अगस्त 2024 में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के पद छोड़ने और भारत में शरण लेने के बाद से ही दोनों देशों के संबंधों में खटास आई है। बांग्लादेश में हुए हिंसक प्रदर्शनों और उसके बाद पैदा हुई अस्थिरता ने न केवल कूटनीतिक बल्कि खेल संबंधों को भी प्रभावित किया है। इसी राजनीतिक तनाव का असर अब क्रिकेट के मैदान पर भी दिखने लगा है, जहां सुरक्षा चिंताओं को आधार बनाकर टूर्नामेंट के शेड्यूल को चुनौती दी जा रही है।
बांग्लादेश के मैचों का भविष्य अधर में
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मैच कोलकाता और मुंबई में खेलने थे। ग्रुप-सी में शामिल बांग्लादेश का पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होना तय है। इसके अलावा उन्हें इंग्लैंड, इटली और नेपाल जैसी टीमों का सामना करना है। यदि आईसीसी बांग्लादेश की मांग को स्वीकार नहीं करता है और बीसीबी अपने रुख पर कायम रहता है, तो टूर्नामेंट के पूरे ढांचे में बड़े बदलाव की नौबत आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications