PAK vs AUS: डेविड वार्नर ने जड़ा 26वां टेस्ट शतक, इस रिकॉर्ड में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान को छोड़ा पीछे
Australia vs Pakistan, 1st Test: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच का आगाज हो चुका है। ऑस्ट्रेलियाई टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। इस क्रम में सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (David Warner) ने 14 दिसंबर को पहले टेस्ट के पहले दिन शतक के साथ अपनी विदाई टेस्ट सीरीज की शानदार शुरुआत की है।
गैरी सोबर्स के बराबर पहुंचे वार्नर
डेविड वार्नर का कुल मिलाकर ये 26वां टेस्ट शतक है। वह टेस्ट शतकों की सर्वकालिक सूची में महान सर गैरी सोबर्स के बराबर पहुंच गए हैं, जिन्होंने अपने 93 टेस्ट के करियर में 26 शतक लगाए। अपने गिरते टेस्ट फॉर्म के बीच डेविड वार्नर काफी दबाव में थे। ओपनर को टीम मैनेजमेंट और जॉर्ज बेली के नेतृत्व वाली चयन समिति ने घरेलू सीरीज के पहले टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का समर्थन किया था।

वार्नर ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
हालांकि, वार्नर को प्लेइंग में शामिल करने को लेकर उनकी आलोचना भी हुई, लेकिन वे पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरे और अपने विरोधियों को गलत साबित कर दिया। वार्नर ने अपने 110वें टेस्ट मैच में शतक के साथ पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 120 मैचों में 25 शतक थे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की नजर अब एलन बॉर्डर के रिकॉर्ड पर है, जिनके नाम 156 मैचों में 27 टेस्ट शतक दर्ज हैं।
सर्वाधिक शतकों के साथ टेस्ट ओपनर
- सुनील गावस्कर - 33 टेस्ट शतक
- एलिस्टेयर कुक - 31 टेस्ट शतक
- मैथ्यू हेडन- 30- टेस्ट शतक
- ग्रीम स्मिथ - 27- टेस्ट शतक
- डेविड वार्नर- 26- टेस्ट शतक
वार्नर ने एक साल से अधिक समय में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा करते हुए 14 चौके और एक छक्का लगाया। वॉर्नर को टेस्ट क्रिकेट में अपने गिरते आंकड़ों के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार वर्षों में वार्नर ने केवल तीन टेस्ट शतक बनाए हैं, जिसमें मौजूदा पर्थ टेस्ट में शतक भी शामिल है।
टेस्ट सीरीज से पहले पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने वार्नर पर हमला बोला और सवाल उठाया कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज को हाल के दिनों में खराब प्रदर्शन के बावजूद विदाई टेस्ट सीरीज में जगह क्यों मिल रही है। जॉनसन ने गेंद से छेड़छाड़ का मामला भी उठाया और सवाल उठाया कि क्या वार्नर अपनी टीम से बाहर होने की तारीख चुनने के हकदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications