शेफाली वर्मा ने चलाया तेज बल्ला, श्री चरणी ने बरपाया कहर, 5 ओवर में मैच खत्म कर एशियन गेम्स सेमीफाइनल में भारत
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारत ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारतीय गेंदबाजों के सामने जापान की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और पूरी टीम 57 रन पर सिमट गई। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने महज 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और जापानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं।

उन्होंने 4 विकेट लेकर जापान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। चरणी ने अपने स्पेल में सिर्फ 10 रन खर्च किए। शेफाली वर्मा ने भी गेंद से योगदान देते हुए 2 विकेट हासिल किए। जापान की पूरी टीम 19.5 ओवर में 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के सामने जीत के लिए सिर्फ 58 रन का लक्ष्य था।
शेफाली ने बल्ले से दिखाया दम
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शेफाली वर्मा ने महज 15 गेंदों में नाबाद 40 रन की तूफानी पारी खेल दी। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। शेफाली की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने लक्ष्य सिर्फ 5 ओवर में हासिल कर लिया। ऋचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 58/2 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और अब उसकी नजरें सेमीफाइनल पर हैं।
अब बांग्लादेश से होगा मुकाबला
जापान के खिलाफ आसान जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में सेमीफाइनल का टिकट कटाया है। सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। यह मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाना है। टीम इंडिया की नजरें फाइनल में पहुंचकर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी।


Click it and Unblock the Notifications
