‘चप्पल’ पहनकर ट्रायल देने पहुंचा था ये खिलाड़ी, अब Asia Cup में मचा रहा है कोहराम
इस हाईवोल्टेज मैच से पहले सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी पेसर शाहनवाज दहानी (Shahnawaz Dahani) का एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद हर एक भारतीय भी उनका फैन बन जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क, 3 सितंबर: यूएई में खेला जा रहा एशिया कप (Asia Cup) अब अपने सुपर-4 राउंड तक पहुंच गया है। रविवार का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए 'सुपर संडे' होने वाला है, क्योंकि एक बार फिर से दुबई के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। इस हाईवोल्टेज मैच से पहले सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी पेसर शाहनवाज दहानी (Shahnawaz Dahani) का एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद हर एक भारतीय भी उनका फैन बन जाएगा।

मुश्किल भरा था दहानी का सफर
शाहनवाज दहानी का पाकिस्तान के लिए क्रिकेट खेलने तक का सफर काफी मुश्किल भरा रहा। दहानी का जन्म पाकिस्तान के लरकाना जिले के गांव खुहावर खान दहानी में एक बहुत ही गरीब परिवार में हुआ था। उनके पिता किसान थे और शाहनवाज भी पिता के साथ खेती किया करते थे। बचपन से ही उनको क्रिकेट का बड़ा शौक था और यही से उनके संघर्ष की असली कहानी शुरू हुई। 24 वर्षीय शाहनवाज दोस्तों से जूते और पैसे उधार लेकर इंटरनेशनल लेवल तक पहुंचे।

आप भी करेंगे शाहनवाज को सलाम
हर मां-बाप की तरह शाहनवाज के घरवाले भी उनको सरकारी नौकरी करते देखना चाहते थे। शाहनवाज ने B.Com भी की, ताकि अच्छी नौकरी पा सके। एक इवेंट्स एंड हैपनिंग्स को दिए इंटरव्यू में दहानी ने कहा था कि ''हम टेनिस बॉल और टेप-बॉल क्रिकेट के साथ अपने मैदानों पर बहुत क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन हमने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। आप थोड़ी देर खेलते हैं और फिर खेत पर काम करते हैं, या अगर आप पढ़ाई में अच्छे हैं तो वह करें।''

लरकाना जिले से शुरू हुआ सफर
शाहनवाज कहने को अपने पिता के साथ खेतों में काम किया करते थे, लेकिन उनका मन क्रिकेट में ही था। भाई को जब शाहनवाज के क्रिकेट प्रेम के बारे में पता चला तो उन्होंने लरकाना जिले की क्रिकेट अकादमी में उनका दाखिला करवाया। इसी अकादमी में युवा तेज गेंदबाज ने पहली बार लेदर की गेंद से क्रिकेट खेला था। दहानी ने अकादमी में जाना तो शुरू कर दिया, लेकिन ट्रेनिंग के लिए उनके पास जूते तक नहीं थे। इंटरव्यू में शाहनवाज ने कहा कि, ''मैं अपने दोस्तों से जूते और मोजे भी उधार लेता था। कभी-कभी, हर दिन मैं एक अलग जोड़ी के जूते पहनता था कि मेरे क्लब के कुछ साथी सोचते थे कि मैं अमीर हूं। मैं शर्ट और दूसरी चीजें भी अपने दोस्तों से उधार लेता था।''

ट्रायल के लिए भी उधार लिए जूते
कुछ समय पहले जियो न्यूज को दिए अपने एक बयान में दहानी ने कहा था, मेरे गांव में कोई सुविधा नहीं थी और ना ही इंटरनेट कनेक्शन था। तब दोस्तों के साथ मिलकर उन्होंने मैच देखने का जुगाड़ बिठाया और गेंदबाजों के आंकड़े और एक्शन एक बार देखकर ही याद कर लिए। दहानी ने बताया था, "मुझे तेज गेंदबाजी करने का शौक था और मैं गांव में अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाना जाता था, इसलिए कई लोगों ने मुझे 3जी गेंदबाज नाम दिया था। अपने जिले के लिए अंडर- 19 ट्रायल में शामिल होने के लिए एक दोस्त से जूते उधार लेने पड़े थे।''

अब मचा रहे हैं धमाल
दाएं हाथ के शाहनवाज दहानी अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एशिया कप में धमाल मचा रहे हैं। भारत के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने 11वें नंबर पर बैटिंग करते हुए 6 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 16 रन बनाए थे। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ युवा पेसर ने सिर्फ दो ओवर में केवल 7 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। अभी तक खेले 2 वनडे मैचों में वह 1 और 4 T20I मुकाबलों में 3 विकेट ले चुके हैं।

PSL में लिए थे 17 विकेट
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2022 के संस्करण में शाहनवाज दहानी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट के जानकारों को खासा प्रभावित किया था। उन्होंने मुल्तान सुल्तान की ओर से खेलते हुए 11 मैचों में 17 विकेट अपनी झोली में डाले थे। दहानी को पाकिस्तान के भविष्य के रूप में देखा जा रहा है। आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका चयन लगभग पक्का है।












Click it and Unblock the Notifications