Asia Cup: सिर्फ भारत के मैच होंगे पाकिस्तान से बाहर! BCCI और PCB में जारी है नए मॉडल पर चर्चा
IND vs PAK: एशिया कप 2023 में अगर यह हाइब्रिड मॉडल अपनाया जाता है तो काफी उत्सुकता वाली बात होगी। देखना होगा पीसीबी और बीसीसीआई के बीच यह बातचीत कितनी फलदायी साबित होती है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023 Venue) के स्थान को लेकर काफी विवाद देखा गया था। बीसीसीआई के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल के चीफ जय शाह ने यह कहकर हंगामा बरपा दिया था कि एशिया कप पाकिस्तान में नहीं होगा बल्कि किसी न्यूट्रल जगह पर होगा। इस बयान को पाकिस्तान में जय शाह की दादागिरी के तौर पर देखा गया क्योंकि पीसीबी का दावा था कि एक बार भी जय शाह (Jay Shah) ने पाकिस्तान बोर्ड से उसका रुख पूछने की जरूरत नहीं समझी। बीसीसीआई को भी उसके थोड़े अड़ियल रवैये के लिए पाकिस्तान पूर्व क्रिकेटरों ने आड़े हाथों लिया। लेकिन अब लगता है जैसे बीसीसीआई अपने स्टैंड में थोड़ी सी नरमी बरतने के लिए तैयार है।
Asia Cup 2023 के लिए नया मॉडल-
पीसीबी और बीसीसीआई में इस समय जो बातचीत जारी है अगर वह फलदायी साबित होती है तो एशिया कप एक अलग हाइब्रिड मॉडल के साथ खेला जाएगा जहां मेजबान भी पाकिस्तान रहेगा और जगह भी पाक में ही रहेगी लेकिन भारत के मैच कहीं और होंगे। बाकि सभी टीमें पाकिस्तान में ही खेलेंगी। इन टीमों में पाकिस्तान के अलावा बांग्लादेश, अफगानिस्तान, श्रीलंका जैसे एशिआई क्रिकेट देश शामिल हैं। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल होता है तो वह भी न्यूट्रल जगह पर ही खेला जाएगा।

श्रीलंका, यूएई, ओमान और बांग्लादेश हो सकते हैं न्यूट्रल वेन्यू
इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने बताया है कि दोनो बोर्ड के बीच बातचीत जारी है। पिछले सप्ताह आईसीसी की एक मीटिंग से परे इन दोनों ने इस बारे में बातचीत की है। अगर ऐसा होता है तो श्रीलंका, यूएई, ओमान और बांग्लादेश में कोई एक न्यूट्रल वेन्यू के तौर पर शामिल किया जा सकता है। हालांकि सितंबर में होने वाली इस प्रतियोगिता में यूएई की गर्मी और श्रीलंका की बारिश इन जगहों को कम पसंदीदा बनाती हैं।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने अलग से पुष्टि की है कि प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। भारतीय बोर्ड का यह कहना है भारतीय खिलाड़ियों को सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान की यात्रा करने की सरकारी अनुमति नहीं मिलेगी इसलिए कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा। हालांकि टूर्नामेंट खेलना है या नहीं ये बीसीसीआई का फैसला होगा। इसके बाद ही सरकार अपना रुख तय करेगी। यह जानकारी खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को दी थी।
पाकिस्तान ने भी खेला है वर्ल्ड कप में भाग ना लेने का पैंतरा
बीसीसीआई के लिए एशिया कप में शिरकत करना इसलिए भी जरूरी हो गया है क्योंकि पीसीबी का कहना है अगर एशिया कप में भारतीय टीम पाकिस्तान खेलने नहीं आती है तो पाक टीम भी भारत में खेले जाने वाले साल के अंत में एकदिवसीय विश्व कप का बहिष्कार कर सकती है। उनका तर्क यह भी था कि पाकिस्तान के विश्व कप मैचों को भी भारत से बाहर तटस्थ स्थान पर ले जाया जाना चाहिए। वहीं बीसीसीआई ने आश्वासन दिया है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा और पूरी सुरक्षा दी जाएगी।
एशिया कप में छह टीमें खेल रही हैं जहां भारत और पाकिस्तान को ग्रुप में एक साथ रखा गया है। टॉप दो टीमें सुपर 4 स्टेज में जाएंगी। पिछले साल ये प्रतियोगिता टी20 फॉर्मेट में हुई थी। इस साल टूर्नामेंट 50 ओवरों के प्रारूप में खेला जा रहा है क्योंकि इसके बाद वन वर्ल्ड कप शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications