'भारत को है पाकिस्तान में हारने का डर', एशिया कप को लेकर दिग्गज ने BCCI पर लगाए बड़े आरोप
Asia Cup Controversy: इस साल सितंबर में एशिया कप का आयोजन होना है। एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है और वहां टूर्नामेंट की होने की संभावना है।

Asia Cup Controversy: एशिया कप 2023 को लेकर चर्चाओं का महौल गर्म है। छह देशों के एशिया कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। लेकिन इन दोनों देशों के बीच मुकाबला कहां खेला जाएगा, इस बात का खुलासा अब तक नहीं किया गया है। एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास ही रह सकती है। ऐसे में भारतीय टीम के मुकाबले किसी और जगह ट्रांसफर किए जा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो एशिया कप में भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले दुबई में खेल सकती है।
भारत को है हारने का डर
भारत और पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गज एशिया कप को लेकर अपनी राय दे रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व ओपनर और कप्तान इमरान नजीर ने अब एशिया कप विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बीसीसीआई पर बड़ा आरोप लगाया है। नजीर के मुताबिक बीसीसीआई को भारत का पाकिस्तान में हारने का डर है इसलिए वह अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान नहीं भेजना चाहता। इमरान नजीर ने कहा कि पाकिस्तान में अपनी हार से बचने के लिए भारत यहां नहीं आना चाहता।
पाकिस्तान में कोई खतरा नहीं
इमरान नजीर ने दावा किया है कि भारतीय टीम को पाकिस्तान में कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी कई बड़ी टीमें पाकिस्तान में आकर खेल चुकी है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड सुरक्षा का हवाला देकर बहाने बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए सुरक्षा तो बस एक बहाना है, अगर उन्हें वाकई डर नहीं है तो भारत यहां आकर क्रिकेट खेलें। हम उनका स्वागत करेंगे।
भारत-पाकिस्तान के बीच बरकरार है तनाव
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ सालों से लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। यही वजह है कि भारतीय टीम पाकिस्तान दौरे पर जाने से बचना चाहती है। बीसीसीआई सचिव जय शाह पहले ही कई बार साफ कर चुके हैं कि भारतीय टीम किसी भी कीमत पर पाकिस्तान जाकर मुकाबला नहीं खेलेगी। जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत में होने वाले वनडे विश्व कप का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी। बता दें कि एशिया कप 2023 में 13 दिनों में कुल 13 मैच खेले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications