Asia Cup: ताश के पत्तों की तरह नेपाल की पारी 104 पर बिखरी, पाकिस्तान ने 238 रनों से जीता मैच
Pakistan vs Nepal Match: पाकिस्तान ने एशिया कप में अपना पहला मैच 238 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। नेपाल के सामने पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने 6 विकेट पर 342 रन बनाए। जवाबी पारी में खेलते हुए नेपाल की टीम 104 रन बनाकर आउट हो गई।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन शुरुआत खराब रही। ओपनर बल्लेबाज फखर जमान 14 और इमाम उल हक 5 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद बाबर आज़म और रिजवान ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की।

रिजवान के आउट होने के बाद सलमान आगा बल्लेबाजी करने के लिए आए और 5 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। हालांकि बाबर आज़म ने एक छोर पकड़कर रखा। वह अपना 19वां वनडे शतक जड़ने में सफल रहे। बाबर आज़म 14 चौके और 4 छक्कों से 131 गेंदों में 151 रन बनाकर आउट हुए।
इफ्तिखार अहमद ने बाबर आज़म के साथ तेज बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में सैकड़ा जमा दिया। वनडे में यह उनका पहला शतक है। इफ्तिखार ने 71 गेंदों में नाबाद 109 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 4 छक्के आए। पाकिस्तान ने 6 विकेट पर 342 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाबी पारी में खेलते हुए नेपाल ने पहले ही ओवर में लगातर दो विकेट गंवाए। ओपनर कुशाल भर्टेल 8 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद रोहित पौडेल बिना खाता खोले चलते बने। दोनों को शाहीन अफरीदी ने चलता किया। उनके बाद आसिफ शेख 5 रन बनाकर आउट हुए।
3 विकेट 14 रन पर गंवाने के बाद नेपाल के लिए आरिफ शेख और सोमपाल काफी ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। आरिफ 26 और सोमपाल 28 रन बनाकर आउट हो गए। यहाँ से अन्य बल्लेबाज एक के बाद एक आउट हो गए और नेपाल की टीम 104 रन बनाकर आउट हो गई। पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने 4 विकेट झटके। शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ ने 2-2 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications