MS Dhoni की राह पर चले केएल राहुल, कुलदीप यादव को ऐसे दिलाई विकेट और पलट गया मैच
Asia Cup 2023 Ind vs SL: भारत ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ एक शानदार जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही टीम ने एशिया कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एशिया कप के सुपर-4 राउंड में भारतीय टीम ने अपने दूसरे मैच श्रीलंका को 41 रन से हराकर पाकिस्तान के लिए भी फाइनल में पहुंचने के दरवाजे खोल दिए हैं। अब श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर ही सबकी नजरें बनी हुई है।
कुलदीप यादव ने झटके चार विकेट: भारत की तरफ से एक बार फिर कुलदीप यादव ने कमाल का स्पेल डालने का काम किया। कुलदीप यादव ने चार विकेट झटककर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इस लो स्कोरिंग मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 213 रन बनाए। जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 41.3 ओवर में 172 रन पर सिमट गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 53 रन कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से निकले।

केएल राहुल बने धोनी: लंबे समय बाद मैदान पर वापसी करने वाले केएल राहुल ने इन दोनों ही मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से सभी को खासा प्रभावित किया। केएल राहुल ने विकेट के पीछे से भी शानदार स्टंपिंग की और जबरदस्त कैच लपका। राहुल विकेट के पीछे से लगातार कुलदीप को गाइड करते रहे। राहुल ने ठीक वैसा ही किया जैसा कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने गेंदबाजों के साथ करते रहते थे।
कुलदीप ने खोला राज: मैच के बाद कुलदीप यादव ने अपनी विकेट का श्रेय केएल राहुल को दिया। बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में सूर्यकुमार यादव से बात करते हुए कुलदीप यादव ने बताया कि केएल भाई ने मुझे ऑफ-स्टंप के बाहर से गेंद को स्पिन करने के लिए कहा था। मैं मध्य स्टंप लाइन पर गेंदबाजी कर रहा था और बल्लेबाज के लिए इसे प्रबंधित करना थोड़ा आसान था। इसलिए केएल भाई ने मुझे ऑफ-स्टंप के बाहर गेंद को स्पिन करने के लिए कहा। जिसके बाद मुझे विकेट मिल गई और मैं इसके लिए केएल भाई को धन्यवाद दूंगा।












Click it and Unblock the Notifications