Asia Cup के लिए श्रीलंका ने किया 20 सदस्यीय टीम का ऐलान, इन्हें मिली कप्तानी
आगामी एशिया कप (Asia Cup) के लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।
नई दिल्ली, 20 अगस्त: आगामी एशिया कप (Asia Cup) के लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान ऑलराउंडर दासुन शनाका को सौंपी गई है, जबकि चरित असलंका को उपकप्तान बनाया गया है। टूर्नामेंट का आगाज 27 अगस्त से होगा और पहला ही मुकाबला श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

यूएई में होगा आयोजन
पहले इस टूर्नामेंट की मेजबानी श्रीलंका को मिली थी, लेकिन देश में चल रहे आर्थिक संकट के कारण श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने अपने हाथ पीछे खींच लिए, जिसके बाद अब एशिया कप का आयोजन यूएई में हो रहा है।
इस टी20 टूर्नामेंट के लिए सभी देशों को अपनी-अपनी टीम का ऐलान 8 अगस्त तक करना था, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउंसिल से कुछ समय मांगा और सबसे आखिर में अपनी टीम घोषित की।

ग्रुप B में मिली जगह
एशिया कप के लिए श्रीलंका को अफगानिस्तान और बांग्लादेश के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है। शनाका एंड कंपनी अफगानिस्तान के खिलाफ 27 अगस्त और बांग्लादेश के खिलाफ 1 सितंबर को मैदान पर उतरेगी। ये दोनों मुकाबले दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
श्रीलंका क्रिकेट फिलहाल अच्छी फॉर्म में हैं। हाल ही में टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने कंगारूओं को 5 मैचों की वनडे सीरीज में 3-2 से हराया था, जबकि टेस्ट सीरीज भी 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी श्रीलंका ने आखिरी मैच जीतकर 1-1 पर खत्म की थी।

श्रीलंका के नाम पर रिकॉर्ड
श्रीलंका के नाम सबसे ज्यादा एशिया कप खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। टीम ने वनडे और टी20 मिलाकर कुल 14 एशिया कप के टूर्नामेंट खेले हैं और इस दौरान लंकाई टीम 5 बार खिताब जीतने में सफल रही, 6 बार रनर-अप रहकर संतोष करना पड़ा। एशिया कप में श्रीलंका ने अभी तक कुल मिलाकर 50 मुकाबले खेले हैं, जिसमें टीम को 34 में जीत मिली और 16 में हार का सामना करना पड़ा। इस बार भी टीम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर आर्थिक संकट से जूझ रहे अपने देशवासियों के चहरे पर खुशियां बिखेरना चाहेगी।

एशिया कप के लिए श्रीलंका की टीम
श्रीलंका- दासुन शनाका (कप्तान), धनुषका गुणथिलका, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, बानुका राजपक्षे, आशेन बंडारा, धनंजया डी सिल्वा, वनिदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, जेफ़री वांडरसे, प्रवीण जयविक्रेमा, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, चामिका फर्नांडो, मदुशंका, मथीशा पथिराना, दिनेश चांदीमल, नुवानिंदु फर्नांडो और कसुन रजिता।












Click it and Unblock the Notifications