होनहार बैठा बाहर, 'सुस्त' टीम के अंदर, पूर्व पेसर की मांग- अब वो करे आराम, लगे पंत का नंबर
नई दिल्ली, 3 सितंबर: टीम इंडिया 2022 एशिया कप के सुपर फोर चरण के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगी। पिछली बार इसी प्रतियोगिता के लीग मैच के दौरान भारत ने दुबई में पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने ग्रुप ए में दोनों गेम जीतकर सुपर चार में जगह बनाई है। वे ऐसा करने वाली एशिया कप की एकमात्र टीम हैं। उन्होंने इस हफ्ते की शुरुआत में हांगकांग को 40 रनों से हराकर सुपर फोर में सीधे क्वालीफाई कर लिया था।

एक प्लेइंग इलेवन समझ नहीं आई
हालांकि, भारतीय टीम में एक प्लेइंग इलेवन सबको समझ नहीं आई क्योंकि ऋषभ पंत को बेंच पर बैठाना किसी को अच्छा नहीं लगा। पंत भारतीय T20I टीम के अभिन्न सदस्य थे, लेकिन पिछले हफ्ते पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दिनेश कार्तिक के लिए टीम से बाहर हो गए थे।

पंत, कार्तिक को खिलाने के लिए हार्दिक को आराम दिया
दिलचस्प बात यह है कि पंत को हांगकांग के खिलाफ इलेवन में वापस बुला लिया गया और उन्होंने विकेटकीपिंग की भूमिका भी संभाली, जबकि कार्तिक ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी। लेकिन इसके लिए हार्दिक पांड्या को आराम देना पड़ा और इस फैसले ने कई लोगों के सिर खुजला दिए। अब पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण खेल से पहले, भारत के पूर्व गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह का मानना है कि भारत को पंत को इलेवन में रखने की जरूरत है। यह पूछे जाने पर कि उन्हें किसकी जगह लेनी चाहिए, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज के पास एक दिलचस्प विकल्प था - केएल राहुल।

पंत को तो खिलाना ही होगा
आरपी सिंह ने इंडिया टीवी पर एक बातचीत के दौरान कहा, "डीके (दिनेश कार्तिक) और केएल राहुल में से एक को आराम देने की जरूरत है और पंत को इलेवन में होना चाहिए। पंत खेलने के हकदार हैं। वह एक मैच विजेता है, और अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह भारत को जीता सकते हैं।"
"पिछले गेम में, डीके ने कीपिंग नहीं की जिससे मैं थोड़ा भ्रमित हो गया। क्योंकि उसने पहले गेम में विकेट कीपिंग की थी और इसलिए वह आपकी पहली पसंद है।"

केएल राहुल को देख लगता है कि वह कुछ नहीं कर सकते
राहुल और कार्तिक में से किसी एक को चुनने के लिए कहने पर, आरपी ने जोर देकर कहा कि केएल राहुल की बॉडी लैंग्वेज ज्यादा आत्मविश्वास वाली नहीं लगती है।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, "मुझे लगता है कि केएल राहुल ज्यादा उम्मीदें नहीं दिखा रहे हैं। जब मैं उनकी बॉडी लैंग्वेज को देखता हूं तो लगता है कि वह कुछ नहीं कर सकते। उन्हें और समय चाहिए। चोट से आने के बाद से, उनका समय और मैच की स्थितियों को पढ़ने में जूझना थोड़ा चिंताजनक है।"

राहुल की सुस्ती ने टॉप ऑर्डर और फीका कर दिया
एशिया कप में केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ पहली गेंद पर डक पर आउट हुए और हांगकांग के खिलाफ दूसरे मैच में 39 गेंदों में 36 पारी खेली। राहुल ने इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी, पर वे कुछ खास नहीं कर पाए थे। कुल मिलाकर भारत के टॉप तीन में सब एक जैसे बल्लेबाज बनते जा रहे हैं। फिलहाल टीम इंडिया रोहित और कोहली की पुरानी फॉर्म को ढूंढ रही थी कि केएल राहुल की सुस्ती ने टॉप ऑर्डर और फीका कर दिया है। टी20 विश्व कप से पहले राहुल को किसी भी हाल में पुराने रंग में लौटना होगा।












Click it and Unblock the Notifications