भारत-पाक की बॉलिंग पर द्रविड़ के दिमाग में आया 'चार अक्षर का शब्द', पर बोल नहीं सके, सब हंस पड़े
दुबई, 4 सितंबर: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उनसे पाकिस्तान और भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के बारे में भी पूछा गया जिसका उन्होंने मजेदार जवाब दिया। आमतौर पर गंभीर इंसान के तौर पर समझे जाने वाले द्रविड़ कुछ ऐसी बातें करते नजर आए जिसके चलते आसपास मौजूद सभी लोग ठहाके लगाते नजर आए। (कवर फोटो- BBN SPORTS Youtube/Screengrab)

पाकिस्तान की गेंदबाजी वाकई में अच्छी है
दरअसल पाकिस्तान की टीम ने हांगकांग को केवल 38 रनों पर ढेर कर दिया था और यहीं से सारी बातें पैदा हुई है।
भारतीय टीम के सामने हांगकांग 152 रन बनाने में कामयाब रहा था जिसके चलते भारत और पाक के बॉलिंग अटैक की तुलना हुई और राहुल द्रविड़ से इसके बारे में बात की गई। द्रविड़ का मानना था कि पाकिस्तान की गेंदबाजी वाकई में अच्छी है लेकिन भारतीय बॉलर भी कम नहीं है। द्रविड़ के मुताबिक भारतीय टीम ने भी पाकिस्तान को कम रनों पर समेटने में काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और इसका श्रेय उनसे छीना नहीं जाना चाहिए।

पर भारत भी कम नहीं
द्रविड़ कहते हैं, ठीक है उनके बॉलर ने भी अच्छी बॉलिंग की थी। पाकिस्तान की टीम काफी अच्छी गेंदबाजी करती है। लेकिन हमने भी उनको 147 रनों पर समेटने में अच्छी गेंदबाजी की थी। और इससे कुछ फर्क नहीं पड़ता कि आपने विपक्षी को कितने रनों पर समेटा है। हो सकता है कि नंबर अलग-अलग हों, लेकिन दिन के अंत में आपकी गेंदबाजी का विश्लेषण महत्वपूर्ण होता है। जो आप रिजल्ट देते हैं उसी से आपके बारे में राय बनाई जाती है। और हमारे तेज बॉलरों का गेंदबाजी विश्लेषण भी काफी अच्छा है। मैं निश्चित तौर पर पाकिस्तान की गेंदबाजी की तारीफ करता हूं लेकिन मुझे इस बात का भी पूरा विश्वास है कि हमारे पास भी अच्छा गेंदबाजी अटैक है जो नतीजों को दे सकता है।

दिमाग में आया 'चार अक्षर का शब्द'
द्रविड़ इसके बाद एक शब्द का इस्तेमाल करना चाहते थे लेकिन वे नहीं कर सके क्योंकि मंच सार्वजनिक था। द्रविड़ ने शब्दों के बहाव में कह दिया था- "ठीक है यह उतना......नहीं है जितना..."
उसके बाद वे रुक गए और कहने लगे कि, मैं इस शब्द का इस्तेमाल करना चाहता हूं लेकिन मैं इसको इस्तेमाल नहीं कर पा रहा हूं। यह मेरे दिमाग में तो आ रहा है लेकिन मैं उसको यहां पर इस्तेमाल नहीं कर सकता।

अंग्रेजी के 'एस (S)' से शुरू होता
इसके बाद सभी लोग हंसने लगे। वहां मौजूद एक पत्रकार ने द्रविड़ की सहायता भी की और कहा कि कहीं यह 'विपुल' तो कहना नहीं चाह रहे लेकिन पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने तुरंत कहा नहीं ये वो शब्द चार लेटर से बनता है और अंग्रेजी के 'एस (S)' से शुरू होता है।
यह समझते देर नहीं लगेगी यह शब्द क्या है लेकिन द्रविड़ उसको बोलना नहीं चाह रहे थे।
यहां देखें वीडियो, सब हंस पड़े-
इस दौरान माहौल काफी हल्का फुल्का बन गया था और उसके बाद राहुल द्रविड़ ने भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान की फिटनेस के बारे में भी जवाब दिया जो बीमार है और पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को शायद खेलने के लिए भी नहीं उतरेंगे।
राहुल ने कहा, आवेश थोड़े बीमार महसूस कर रहे हैं वे अभी बुखार से गुजर रहे हैं और डॉक्टर स्थिति के बारे में जानकारी रख रहे हैं। वह आज प्रैक्टिस नहीं कर रहे हैं लेकिन उम्मीद है कि वह बहुत गंभीर नहीं है। शायद उनको पाकिस्तान के खिलाफ कल के मैच के लिए खेलने के लिए तैयार होना चाहिए और अगर ऐसा नहीं होता तो वे टूर्नामेंट के बाकी मैचों के तो उतर ही सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications