10 साल में पहली बार पूरे महीने बल्ला नहीं छुआ, कोहली ने कहा- मैं दिमागी तौर पर डाउन हो गया था
नई दिल्ली, 27 अगस्त: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने स्वीकार किया है कि वह मानसिक तौर पर टूट गए थे जिसके चलते उनको क्रिकेट से ब्रेक लेना पड़ा और विराट कोहली ने जुलाई में इंग्लैंड के टूर के बाद ब्रेक ले लिया था। विराट कोहली इससे पहले रनों के खराब दौर से गुजर रहे थे और उस दौरे पर केवल 76 रन ही बना पाए थे। टूर समाप्त होने के बाद विराट कोहली ने जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज का दौरा मिस किया।

मानसिक तौर पर डाउन
आधुनिक क्रिकेट के महान बल्लेबाज विराट कोहली ने एशिया कप में वापसी कर ली है जहां वे पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को खेलते दिखाई देंगे। कोहली को उनकी आक्रामकता और इंटेंसिटी के लिए जाना जाता है लेकिन उनका मानना है कि अब समय आ गया था कि वह अपने दिमाग की सुने और एक ब्रेक ले। वे पहले भी 2014 में मानसिक तौर पर डाउन होने के संकेत दे चुके थे।

पहली बार पूरी महीने बल्ला नहीं छुआ
स्टार स्पोर्ट्स द्वारा शेयर की गई एक वीडियो में विराट कोहली ने बताया, 10 साल में पहली बार है जब मैंने अपने बल्ले को हाथ भी नहीं लगाया। मुझे एहसास हुआ कि मैं हाल ही में अपनी इंटेंसिटी को जबरदस्ती दिखा रहा था। मैं खुद से कह रहा था कि नहीं मेरे अंदर पूरी आग और जोश बाकी है लेकिन मेरा दिमाग अब मुझे रुकने के लिए कह रहा था। मेरा दिमाग कह रहा था कि थोड़ा ब्रेक ले लिया जाए। मैं उस इंसान की ओर देख रहा था जो मानसिक तौर पर बहुत ही स्ट्रांग है, ये मैं हूं। लेकिन हर किसी की सीमा होती हैं और मुझे भी अपनी सीमाओं को पहचानना पड़ा, वरना चीजें आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है।

मुझे यह कहने में कहने में कोई झिझक नहीं
इस समय ने मुझे बहुत चीजें सिखाई है। मुझे यह कहने में कहने में कोई झिझक नहीं है कि मैं मानसिक तौर पर डाउन था। यह एक बहुत ही सामान्य चीज है, जिसको आप महसूस कर सकते हैं लेकिन हम हिचक के कारण इसके बारे में बात नहीं करते। हम यह नहीं चाहते कि दूसरा हमें मानसिक तौर पर कमजोर समझे। लेकिन विश्वास कीजिए आप झूठी शान दिखाएंगे, उससे अच्छा है कि आप स्वीकार करें कि आप कमजोर पड़ रहे हैं। यह आपको बेहतर वापसी करने में मदद करेगा।

पहली बार स्वीकार की समस्या
कोहली अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 100वां T20 इंटरनेशनल मुकाबला भी खेलेंगे। उन्होंने इस फॉर्मेट में 137 के स्ट्राइक रेट के साथ 3308 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कोहली ने अपने दिल की बातें कह दी है। बीसीसीआई टीवी पर भी उन्होंने काफी बातें कही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनका खुद को तैयार करने का एक प्रोसेस है। जब तक वह प्रोसेस उनकी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बनता वह स्वभाविक तौर पर बेहतर नहीं कर पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications