HONG KONG CRICKET : हरा चुका है बांग्लादेश को, पूर्व कप्तान अब खेलते हैं भारत में रणजी ट्रॉफी
दुबई, 31 अगस्त: एशिया कप में भारत का आज मुकाबला हांगकांग से है। हांगकांग एशिया कप क्वालिफायर मुकाबले जीत कर मुख्य प्रतियोगिता में शामिल हुआ है। 2018 में भी इसने एशिया कप के लिए क्वालिफाई किया था। हांगकांग क्रिकेट में उलटफेर भी कर चुका है। 2014 में इसने बांग्लादेश को और 2018 में अफगानिस्तान को हराया था।

हांगकांग के कप्तान अब भारत में खेल रहे रणजी ट्रॉफी
हांगकांग की टीम में भारत और पाकिस्तान मूल के खिलाड़ी भरे हुए हैं। हांगकांग के एक पूर्व कप्तान तो अब भारत में ओडिशा से रणजी ट्राफी मैच खेल रहे हैं। उन्होंने भारत से खेलने के लिए हांगकांग की टीम को अलविदा कह दिया। इनका नाम है अंशुमन रथ। वे हांगकांग के कप्तान थे। टीम में उनकी भूमिका विकेटकीपर बल्लेबाज की थी। एकदिवसीय मैचों में वे हांगकांग के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2017 में पापुआ न्यूगिनी के खिलाफ नाबाद 143 रन बनाये थे। 2016 अंशुमन ने स्कॉलैंड के खिलाफ 97 रन बनाये थे। लेकिन 2018 के बाद उन्होंने हांगकांग से खेलना छोड़ दिया। अंशुमन रथ ने ओडिशा से एक रणजी मैच खेला है जिसमें उन्होंने 34 और 14 रन बनाये हैं। 2021 में वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए ओडिशा टीम में चुने गये थे।

हांगकांग में क्रिकेट
हांगकांग दुनिया का प्रमुख व्यापारिक केन्द्र और बंदरगाह है। यह पहले ब्रिटेन का उपनिवेश था। अंग्रेजों ने यहां क्रिकेट को बढ़ावा दिया। इसने 1886 में अपना पहला क्रिकेट मैच खेला था। 1997 में हांगकांग की व्यवस्था बदल गयी। ब्रिटेन ने इसे चीन को सौंप दिया। लेकिन ब्रिटेन ने चीन के सामने शर्त रखी थी कि उसे हांगकांग को 'एक देश दो व्यवस्था' के तहत स्वीकर करना होगा। इसके अलावा व्यक्तिगत स्वतंत्रता, राजनीति स्वतंत्रता और आर्थिक स्वतंत्रता को 50 साल तक बनाये रखने का समझौता हुआ था। लेकिन चीन के अधीन आने के बाद हांगकांग में राजनीतिक विरोध के अधिकार को खत्म कर दिया गया है। राजनीकि उथल-पुथल के बीच भी हांगकांग में क्रिकेट का खेल जारी रहा। वैसे हांगकांग चीन का एक स्वायत्त क्षेत्र है लेकिन क्रिकेट प्रतियोगिताओं में यह एक स्वतंत्र देश के रूप में शामिल होता है। हांगकांग अभी आइसीसी का एसोसिएट मेम्बर है।

भारतीय और पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी
अंशुमन रथ ने 2014 से 2018 तक हांगकांग के लिए एकदिवसीय मैच खेले थे जिसमें कुल 828 रन बनाये थे। हांगकांग के किसी खिलाड़ी का एकदिवसीय मैचों में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अंशुमन के हांगकांग छोड़ देने के बाद अब बाबर हयात, निजाकत खान और किंचित शाह को वहां का धाकड़ बैटर माना जाता है। ये तीनों भारत के खिलाफ होने वाले मैच में खेल सकते हैं। बाबर हयात 2016 में टी-20 शतक लगा चुके हैं। विश्व का बहुत बड़ा आर्थिक केन्द्र होने के कारण यहां भारत और पाकिस्तान से बहुत लोग व्यापार के लिए आये। बाहर से आये लोगों ने हांगकांग में क्रिकेट को बहुत मजबूती प्रदान की। आस्ट्रेलिया से वनडे क्रिकेट खेल चुके रेयान कैम्पबेल ने भी हांगकांग का प्रतिनिधित्व किया था। हांगकांग की मौजूदा टीम में स्कॉट मैककेनी को छोड़ कर सभी खिलाड़ी या तो भारतीय मूल के हैं या पाकिस्तानी मूल के।

हांगकांग ने बांग्लादेश को समेटा था 208 पर
हांगकांग ने 2014 में बांग्लादेश को हरा कर सनसनी फैला दी थी। 2014 का टी-20 विश्वकप बांग्लादेश में खेला गया था। ग्रुप ए के पहले राउंड में बांग्लादेश और हांगकांग के बीच चटगांव में मैच खेला गया था। बांग्लादेश की टीम ने पहले बैटिंग की। लेकिन वह पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पायी। 16.3 ओवर में 108 रन पर ही उसका पुलिंदा बंध गया। हांगकांग ने कमाल की बॉलिंग की। स्पिनर नदीम अहमद ने 3.3 ओवर में 21 रन देकर सबसे अधिक 4 विकेट लिये। स्पिन ऑलराउंडर निजाकत खान ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिये। 2 विकेट तनवीर अफजल को मिला। बांग्लादेश की तरफ से शाकिबुल हसन ने सबसे अधिक 34 रन बनाये। चार खिलाड़ी जीरो पर आउट हुए थे।

हांगकांग की यादगार जीत
स्कोर कम था फिर भी बांग्लादेश ने जोरदार टक्कर दी। बल्लेबाजी में हाथ दिखाने के बाद शाकिबुल हसन ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 9 रन दिये और तीन विकेट लिये। 50 के स्कोर पर हांगकांग के 5 विकेट गिर चुके थे। मैच किसी करवट जा सकता था। लेकिन निजाकत खान और मुनीर डार ने पारी को संभाल लिया। सातवें विकेट के रूप में मुनीर डार जब आउट हुए तब हांगकांग का स्कोर 7 विकेट पर 100 रन हो चुका था। लेकिन इसी स्कोर पर आठवां विकेट भी गिर गया। तब हसीब अहमद और नदीम अहमद ने चार गेंद रहते हांगकांग को जीत दिला दी। हांगकांग ने इस रोमांचक मैच में बांग्लादेश को 2 विकेट से हरा दिया था।
(फोटो सौजन्य- Hong Kong Cricket Twitter/Twitter)












Click it and Unblock the Notifications