Ashes 2023: 'दोस्त हार मत मानो...,' स्टीव वॉ ने चोटिल नाथन लियोन के नाम लिखे संदेश को लेकर किया बड़ा खुलासा
England vs Australia: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने खुलासा किया कि वह चाहते थे कि नाथन लियोन मौजूदा एशेज 2023 में बने रहें और यदि संभव हो तो केनिंग्टन ओवल में पांचवां और अंतिम टेस्ट खेलें। विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार 100 टेस्ट मैच खेलने के बाद लियोन को फील्डिंग के दौरान पिंडली की मांसपेशियों में चोट लग गई और इसके कारण उन्हें सीरीज से बाहर होना पड़ा।
दरअसल, पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम को मैनचेस्टर में तीसरे और चल रहे चौथे टेस्ट में उनके शामिल नहीं होने का खामियाजा भुगतना पड़ा है। एजबेस्टन में टॉड मर्फी ने लियोन की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह बनाई, लेकिन यहां वह कुछ खास कमाल नहीं कर सके। चौथे टेस्ट में इंग्लैंड पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया पर हावी है।

स्टीव वॉ चाहते थे कि लियोन वापसी करने के लिए संघर्ष करें, लेकिन यह भी समझते थे कि एक गेंदबाज के लिए पिंडली की चोट के बाद जल्दी वापसी करना बहुत कठिन होता है। पूर्व क्रिकेटर ने यह भी बताया कि आजकल फिजियो वास्तव में क्रिकेटरों को चोट के बावजूद खेलने की अनुमति नहीं देते हैं जैसा कि उनके खेलने के दिनों में होता था।
उन्होंने कहा कि, 'मैंने वास्तव में नाथन लियोन को एक संदेश भेजा था। मैंने कहा, 'दोस्त, हार मत मानो, तुम्हारे पास 18 दिन हैं, हो सकता है कि तुम आखिरी टेस्ट मैच के लिए वापस आ सको।' लेकिन जाहिर तौर पर एक गेंदबाज होने के नाते यह एक बल्लेबाज की तुलना में कठिन है।
वॉ ने SENQ ब्रेकफास्ट पर बातचीत के दौरान कहा कि, 'यह उन चीजों में से एक थी। हमारे युग में हमें चोट के बावजूद खेलने के अधिक अवसर मिलते थे। फिजियो ने आप पर भरोसा किया और वह जानता था कि आपकी दर्द सहनशीलता कितनी है और आप इससे कैसे उबर सकते हैं।'
इस बीच, भले ही ऑस्ट्रेलिया मौजूदा सीरीज में 2-1 से आगे है, लेकिन उन पर काफी दबाव है। इंग्लैंड मजबूती से लड़ रहा है और इसलिए मेहमान टीम को अधिक सावधान रहने की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications