ICC के चाबुक से घायल हुए अर्शदीप सिंह, जीत के नशे में चूर सरदारजी को मिली कड़ी सजा
Arshdeep Singh: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। पूरा देश इस ऐतिहासिक जीत के जश्न में डूबा है, लेकिन टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए एक बुरी खबर आई है। मैदान पर दिखाई गई एक पल की आक्रामकता अर्शदीप को भारी पड़ गई है और आईसीसी ने उन पर मैच फीस का जुर्माना ठोक दिया है।
यह पूरा वाकया दूसरी पारी के 11वें ओवर का है। कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल क्रीज पर थे, अर्शदीप ने एक सटीक वाइड यॉर्कर फेंकी जिसे मिचेल ने वहीं खेल दिया। मिचेल क्रीज से मामूली सा बाहर थे, जिसे देख अर्शदीप ने फुर्ती से गेंद उठाई और सीधे स्टंप्स की ओर दे मारी। हालांकि, निशाना चूक गया और गेंद सीधे मिचेल की जांघ पर जा लगी।

इस घटना के बाद मैदान पर माहौल गरमा गया। मिचेल इस थ्रो से काफी नाराज दिखे और अर्शदीप की ओर बढ़ते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। हैरानी की बात यह रही कि अर्शदीप ने उस वक्त माफी मांगने के बजाय अपने बॉलिंग मार्क की ओर मुड़ना बेहतर समझा। हालांकि ओवर खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आईसीसी के कैमरों से यह व्यवहार छिप नहीं सका।
ICC की कार्रवाई और सजा
मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने अर्शदीप के इस व्यवहार को अनुचित और खतरनाक माना है। उन पर आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का आरोप लगा है, जो किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित तरीके से गेंद फेंकने से संबंधित है।
कितना लगा गेंदबाज पर फाइन?
अर्शदीप सिंह पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है। अर्शदीप ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, जिसके कारण इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। भारतीय प्रशंसकों के लिए राहत की बात बस यही है कि यह अर्शदीप का पिछले 24 महीनों में पहला अपराध था, इसलिए उन पर किसी तरह के बैन का खतरा फिलहाल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications