अब मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट नहीं खेलेंगे Arjun Tendulkar, इस नई टीम से जोड़ा नाता!
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है।
नई दिल्ली, 11 अगस्त: क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अर्जुन अब मुंबई क्रिकेट छोड़कर आगामी घरेलू सीजन में गोवा के लिए क्रिकेट खेलते हुए दिखाई देंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने जूनियर तेंदुलकर को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी दे दिया है।
ये भी पढ़ें- Asia Cup से पहले शुरू हुआ माइंड गेम, पाक उपकप्तान ने टीम इंडिया को दिया ओपन चैलेंज

2020-21 में मिला था डेब्यू का मौका
साल 2020 में अर्जुन तेंदुलकर को पहली बार मुंबई की टीम का हिस्सा बनाया गया था। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2020-21 के सीजन में उन्होंने मुंबई की ओर से क्रमशः हरियाणा और पुडुचेरी के खिलाफ दो मुकाबले भी खेले थे। पिछले साल मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में भी 22 वर्षीय अर्जुन को टीम में चुना गया था। हालांकि वह उनको एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिल सका।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। 2021 और 2022 के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था।

NOC के लिए किया था अप्लाई
पीटीआई की खबर के मुताबिक जूनियर तेंदुलकर ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन में NOC के लिए अप्लाई किया था। दरअसल, मुंबई की टीम में अर्जुन को जगह जरूर मिली, लेकिन वो प्लेइंग-11 में अपना स्थान पक्का नहीं कर सके। इसी कारण उन्होंने NOC के लिए आवेदन किया था।
SRT स्पोर्ट्स मैनेजमेंट ने अपने बयान में कहा, "अपने करियर के इस मोड़ पर अर्जुन के लिए मैदान पर अधिक से अधिक खेल का समय प्राप्त करना महत्वपूर्ण है। हमें विश्वास है कि इस बदलाव से अर्जुन के अधिक प्रतिस्पर्धी मैचों में खेलने का मौका मिलेगा। वह अपने क्रिकेट करियर के एक नए चरण की शुरु कर रहे हैं।"

गोवा क्रिकेट को चाहिए ऑलराउंडर
गोवा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरज लोटलीकर ने पीटीआई से कहा, "हमें बाएं हाथ के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज की तलाश है और हम टीम में कई टैलेंट वाले खिलाड़ियों को मध्यक्रम में शामिल कर रहे हैं। इस संदर्भ में, हमने अर्जुन तेंदुलकर को गोवा टीम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। हम प्री-सीजन ट्रायल-मैच खेलेंगे और अर्जुन उसका हिस्सा होंगे। चयनकर्ता उनके प्रदर्शन के आधार पर ही आगे के लिए फैसला करेंगे।''

ऑलराउंडर हैं तेंदुलकर
अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी के अलावा निचले क्रम पर बढ़िया बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। अर्जुन अपनी तूफानी गेंदबाजी से कई नामी खिलाड़ियों को नेट्स पर चोटिल तक कर चुके हैं। 2017 में अर्जुन तेंदुलकर की गेंद पर नेट्स पर अभ्यास कर रहे इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो तक चोटिल हो गए थे। वहीं, 2021 में मुंबई के एक लोकल टूर्नामेंट में उन्होंने एक ओवर में 5 छक्के भी जड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications