Asia Cup से पहले शुरू हुआ माइंड गेम, पाक उपकप्तान ने टीम इंडिया को दिया ओपन चैलेंज
27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप (Asia Cup) को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली, 10 अगस्त: 27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप (Asia Cup) को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसा हो भी क्यों ना टूर्नामेंट के दूसरे ही दिन सबसे बड़ा मुकाबला जो खेला जाना है। ये मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। दोनों ही कट्टर प्रतिद्वंदी टीमें अपने अभियान की शुरुआत 28 अगस्त को एक दूसरे के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से करेंगी। हालांकि इस मैच से पहले पाकिस्तानी टीम ने माइंड गेम खेलना शुरू कर दिया है।
Recommended Video
ये भी पढ़ें- Asia Cup के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान, इन खिलाड़ियों के साथ भारत से भिड़ेगी बाबर & कंपनी

यूएई को लेकर उत्साहित है पाकिस्तान
एशिया कप इस बार यूएई के मैदानों पर खेला जाना है और यूएई को पाकिस्तान क्रिकेट टीम का दूसरा घर कहा जाता है। इन मैदानों पर फटाफट क्रिकेट में टीम का रिकॉर्ड बहुत ही दमदार रहा है। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप यूएई में ही खेला गया था, जहां पाकिस्तान ने 29 सालों में पहली बार वर्ल्ड कप (वनडे या टी20) में भारत को मात दी थी। वो मैच भी दुबई के मैदान पर खेला गया था और इस बार एशिया कप की जंग भी दोनों टीमों के बीच यूएई में ही होगी।

क्या बोले शादाब
भारत-पाक मैच से पहले पाकिस्तान टीम के उपकप्तान शादाब खान का एक बयान लगातार चर्चा में बना हुआ है। शादाब ने टीम इंडिया को खुली चुनौती देते हुए कहा कि इस बार उनकी टीम भारत को हराने में कामयाब होगी। शादाब ने एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए कहा- ‘'मैच बड़ा होने वाला है और इसमें मैं और पाकिस्तानी टीम के बाकी खिलाड़ी जीत की सोच लिए मैदान पर उतरेंगे। सभी खिलाड़ियों की सोच केवल जीत की होगी।''

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी
एशिया कप के मैचों में भारत बनाम पाकिस्तान के हेड टु हेड आंकड़ों की बात की जाए, तो इसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच वनडे और टी20 में मिलाकर कुल 14 मैच खेले गए, जिसमें टीम इंडिया ने 8 और पाकिस्तान ने केवल 5 जीते। एक मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। आखिरी बार पाक ने इस टूर्नामेंट में भारत को साल 2014 में हराया था।

एशिया कप के लिए दोनों टीमें
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।
- पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, हारिस रऊफ, इमाम-उल-हक, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, सलमान अली आगा, शाहीन शाह अफरीदी, शाहनवाज दहानी और जाहिद महमूद।












Click it and Unblock the Notifications