IPL 2022 के सफल आयोजन के बाद BCCI ने खोला खजाना, मैदान कर्मियों के लिये किया इनाम का ऐलान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का सफल आयोजन हो चुका है, जिसमें गुजरात टाइटंस की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से मात देकर अपने पहले ही सीजन में खिताब जीत लिया है। दो महीने से ज्यादा समय तक खेले गये इस टूर्नामेंट में कुल 74 मैच खेले गये जिनका आयोजन 6 स्टेडियम में किया गया। जहां लीग स्टेज के सभी मैचों का आयोजन मुंबई और पुणे के 4 मैदानों पर किये गये तो वहीं पर प्लेऑफ के पहले दो मैचों का आयोजन कोलकाता के ईडन गार्डन्स और आखिरी दो मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गये।

Recommended Video
आईपीएल में इस सीजन 10 टीमों ने हिस्सा लिया था और 12 डबल हेडर मैचों के बीच कुल 74 मैचों का आयोजन किया गया था। बीसीसीआई की ओर से आईपीएल के 15वें सीजन का सफल आयोजन कराने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मैदानकर्मियों और ग्राउंडसमैन की मेहनत के लिये अपना खजाना खोल दिया है।
और पढ़ें: माइकल वॉन ने बताया कौन बने भारत का अगला कप्तान, बोले- मैं उसके सिवा दूसरा नाम सोच भी नहीं सकता
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सोमवार (30 जून) को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। इसके अनुसार बीसीसीआई ने पिच क्यूरेटर और ग्राउंडसमैन को उनकी मेहनत के लिये 1.25 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। इसके तहत बीसीसीआई ने अलग-अलग स्टेडियम के लिये अलग-अलग इनाम देने का ऐलान किया है।
जय शाह ने अपने दूसरे ट्वीट में इसकी जानकारी देते हुए कहा,'लीग स्टेज के दौरान मुंबई के ब्रॉबोर्न क्रिकेट स्टेडियम (क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया), वानखेड़े स्टेडियम, डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम का इस्तेमाल किया गया था, जिसके चलते इन सभी मैदानों को 25-25 लाख रुपये इनाम में दिये जायेंगे, तो वहीं पर कोलकाता के ईडन गार्डन्स और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को 12.5 लाख रुपये की राशि दी जायेगी।'
और पढ़ें: GT vs RR: फाइनल मैच में छाई कप्तान हार्दिक की गेंदबाजी, राजस्थान की कमर तोड़ बनाया बड़ा रिकॉर्ड
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने इसके साथ ही सभी मैदानकर्मियों और पिच क्यूरेटर्स को उनकी मेहनत के लिये धन्यवाद भी कहा जिनकी वजह से आईपीएल 2022 में फैन्स को न सिर्फ बिना रुकावट मैच देखने को मिले बल्कि बेहतरीन पिच के चलते कई रोमांचक पलों को देखने का अवसर भी मिला।












Click it and Unblock the Notifications